शाहरुख से मनोज बाजपेयी तक, इन कलाकारों ने टीवी से की थी करियर की शुरुआत
क्या है खबर?
मनोरंजन की दुनिया में टीवी जगत की लोकप्रियता जगजाहिर है। 'रामायण' से लेकर 'महाभारत' तक कई टीवी शोज ने सफलता की बुलंदियों को छुआ है।
जब छोटे पर्दे पर सास-बहू से जुड़े टीवी सीरियल्स का दौर आया, तो दर्शकों ने दिल खोलकर ऐसे कार्यक्रमों का स्वागत किया।
बहुत कम लोगों को पता होगा कि मौजूदा दौर के बॉलीवुड के कई सितारों ने टीवी के पर्दे के जरिए एक्टिंग में कदम रखा था।
आइए उन कलाकारों पर गौर फरमाते हैं।
#1
शाहरुख खान
बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने हाल ही में इंडस्ट्री में अपने 30 साल पूरे किए।
रोमांटिक फिल्मों ने उनके करियर को शिखर पर पहुंचाया और उन्हें 'रोमांस किंग' कहा जाने लगा।
फिल्मों में कदम रखने से पहले उन्होंने 1989 में टीवी सीरियल 'फौजी' से अपना करियर शुरू किया था, इसके बाद उन्होंने 'वागले की दुनिया' में काम किया।
स्टार बनने के बाद वह 'कौन बनेगा करोड़पति' और 'पांचवीं पास' जैसे शोज को होस्ट कर चुके हैं।
#2
आयुष्मान खुराना
आयुष्मान खुराना की पहचान एक संजीदा अभिनेता के तौर पर होती है। सोशल कॉमेडी फिल्मों के जरिए इन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
2012 में आई फिल्म 'विक्की डोनर' के साथ आयुष्मान ने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी। बॉलीवुड में डेब्यू करने से पहले उन्होंने टीवी के पर्दे पर अपनी धाक जमाई थी।
वह एक सफल आरजे थे और इसके बाद उन्होंने रियलिटी शो 'रोडीज' में भाग लिया था। उन्होंने टीवी पर एंकरिंग से भी दिल जीता था।
#3
मनोज बाजपेयी
आज के दौर में मनोज बाजपेयी OTT प्लेटफॉर्म से लेकर बॉलीवुड की फिल्मों में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके लिए करियर का यह सफर आसान नहीं रहा।
उन्हें लंबे संघर्ष के बाद फिल्मों में काम करने का मौका मिला। शोभा डे के शो 'स्वाभिमान' में इस अभिनेता ने अपने अलहदा अंदाज से सभी को प्रभावित किया था।
इसके बाद उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खुले। फिर उन्होंने अपने सफर में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
#4
सुशांत सिंह राजपूत
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को बॉलीवुड में आने से पहले ही छोटे पर्दे पर शोहरत मिल चुकी थी। सीरियल 'पवित्र रिश्ता' में मानव बनकर सुशांत सभी के दिलों पर छा गए थे।
एक भोले-भाले और मासूम लड़के के किरदार को उन्होंने बखूबी निभाया था। इस शो में अंकिता लोखंड़े के साथ उनकी जोड़ी खूब जमी थी।
बाद में जब उन्होंने बड़े पर्दे का रुख किया, तो यहां भी उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया।
#5
इरफान खान
दिवंगत अभिनेता इरफान खान की एक्टिंग दर्शकों को दीवाना बना देती थी। उन्होंने फिल्म 'सलाम बॉम्बे' से बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी।
बड़े पर्दे पर डेब्यू करने से पहले वह कई धारावाहिकों में काम कर चुके थे। इरफान ने 'चाणक्य', 'चंद्रकांता' और 'भारत एक खोज' जैसे धारावाहिकों में अभिनय से अपनी पहचान बनाई थी।
जब बॉलीवुड में उन्होंने अपनी किस्मत आजमाई, तो यहां भी उनकी चमक फीकी नहीं हुई।