आशा भोसले को खास सम्मान, एआर रहमान के म्यूजिक वीडियो में दिखेंगे शाहरुख खान
क्या है खबर?
शाहरुख खान और दिवंगत गायिका आशा भोसले के बीच गहरा प्रेम और सम्मान का रिश्ता रहा है। आशा भोसले के निधन के बाद संगीतकार एआर रहमान उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष म्यूजिक वीडियो बना रहे हैं। रहमान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी दी कि इस खास वीडियो में शाहरुख खान नजर आएंगे। इस गाने में रहमान और दिवंगत आशा भोसले सहित कई दिग्गजों की आवाजें भी शामिल होंगी।
पोस्ट
प्यारे शाहरुख का हार्दिक धन्यवाद- रहमान
एआर रहमान ने एक्स पर लिखा, 'आशा भोसले जी के ट्रिब्यूट म्यूजिक वीडियो का हिस्सा बनने के लिए खुशी-खुशी तैयार होने पर प्यारे शाहरुख खान का हार्दिक धन्यवाद।'
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ये गाना जल्द आ रहा है। रहमान ने 'आशा फॉरएवर' प्रोजेक्ट की परिकल्पना गायिका के जीवित रहते की थी, ताकि इसे उनके सामने पेश किया जा सके।
हाल ही में उन्होंने इस गाने का मकसद साफ करते हुए इसका टीजर भी शेयर किया था।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए रहमान का पोस्ट
A heartfelt thank you to dear @IamSrk for graciously agreeing to be part of Asha Bhosle ji’s tribute music video. #ComingSoon #AshaForever
— A.R.Rahman (@arrahman) August 16, 2026
श्रद्धांजलि
रहमान के विशेष प्रोजेक्ट में लंदन के म्यूजिक कॉलेज ने भी दिया योगदान
रहमान ने वीडियो का टीजर साझा कर लिखा था कि वो संगीत के दिग्गजों का जश्न मनाएंगे, जिनकी आवाजों ने अनगिनत जिंदगियों को छुआ। उनके मुताबिक, अलग-अलग संगीतकारों और परंपराओं को साथ लाना ही आशा भोसले जी को सबसे अर्थपूर्ण श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा, "ये हमारी विनम्र भेंट है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। जल्द ही पूरा ट्रिब्यूट वीडियो सामने आएगा।" इस वीडियो में लंदन के ट्रिनिटी लाबान संगीत कॉलेज के कलाकारों ने भी योगदान दिया है।
गाने
शाहरुख की फिल्मों में गूंजी आशा की आवाज
आशा ने शाहरुख की फिल्मों में कई सुपरहिट गाने गाए हैं, जिनमें 'जरा सा झूम लूं मैं', 'ले गई ले गई' और 'किताबें बहुत सी' जैसे यादगार नगमे शामिल हैं।
भारतीय सिनेमा की महान गायिका आशा भोसले ने हिंदी, मराठी और बंगाली सहित कई भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने गाए। आज भी प्रशंसक 'आशा ताई' को बेहद याद करते हैं और अब उनके इस खास ट्रिब्यूट वीडियो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।