अनंत अंबानी से जुड़ी वायरल रील पर शाहरुख खान का एक्शन, इन्फ्लुएंसर को भेजा नोटिस
क्या है खबर?
शाहरुख खान की लीगल टीम ने सोशल मीडिया पर वायरल रील के खिलाफ कानूनी कदम उठाया है। मामला अनंत अंबानी और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु के साथ अभिनेता की एक बातचीत से जुड़ा है, जिसमें कथित तौर पर गुमराह और बदनाम करने वाले दावे किए गए थे। इस रील को सुविज्ञ शर्मा नाम के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने पोस्ट किया है। शाहरुख की टीम ने इन्फ्लुएंसर को मानहानि नोटिस भेजकर 48 घंटे के अंदर रील हटाने की चेतावनी दी है।
दावा
वायरल वीडियो में किए गए भ्रामक दावे
सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप, हाल ही में मुंबई में आयोजित 'ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026' से जुड़ी थी जिसमें अनंत और आध्यात्मिक गुरु बातचीत करते दिखे।
साथ ही, एक अलग क्लिप में शाहरुख और अनंत के बीच बातचीत दिखाई गई थी।
इन्फ्लुएंयर द्वारा पोस्ट की गई इस रील में दावा किया गया कि बातचीत के दौरान शाहरुख को "चुप रहने" के लिए कहा गया था, इस दावे को अभिनेता की लीगल टीम ने झूठा और गुमराह करने वाला बताया है।
नोटिस
48 घंटे में रील हटाने की मांग
शाहरुख की ओर से 23 नवंबर को लीगल नोटिस भेजा गया है, जिसमें कंटेंट को "शरारतपूर्ण, गुमराह करने वाला और बदनाम करने वाला" बताया गया।
नोटिस में कहा गया कि बिना सबूत ऐसे कंटेंट फैलाने से अभिनेता की पब्लिक इमेज को नुकसान पहुंच सकता है।
टीम ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 356 का हवाला देते हुए वीडियो को 48 घंटे में हटाने, साझा न करने और उससे जुड़े कैप्शन व बयानों को ठीक करने को कहा है।
पलटवार
नोटिस मिलने के बाद इन्फ्लुएंसर ने किया पलटवार
इन्फ्लुएंसर ने एक अन्य वीडियो में लीगल नोटिस मिलने का जिक्र करते हुए शाहरुख पर पलटवार किया है।
उन्होंने कहा, "तो, जिस आदमी ने कथित तौर पर शाहरुख खान को चुप रहने के लिए कहा, उसने उनकी बेइज्जती नहीं की? या शाहरुख खान में यह कहने की हिम्मत नहीं है कि उनकी बेइज्जती हुई? लेकिन जाहिर है, हमने उनकी बेइज्जती की है।"
इस बीच, फैंस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहरुख का बचाव कर रहे हैं।