
शाहरुख खान नहीं बना पाएंगे मन्नत को और आलीशान? निर्माण से पहले ही हुआ ये विवाद
क्या है खबर?
खबरें आ रही थीं कि शाहरुख खान अपने बंगले मन्नत का विस्तार कर रहे हैं और इस बीच वह जैकी भगनानी के अपार्टमेंट में रहने वाले थे।
शाहरुख अपने मुंबई स्थित बांद्रा के बंगले मन्नत में कुछ बदलाव की योजना बना रहे थे, लेकिन इससे पहले उनके सामने एक समस्या आकर खड़ी हो गई है।
मुंबई के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने शाहरुख पर कुछ आरोप लगाए हैं, जिसके बाद नवीनीकरण से पहले ही मन्नत विवादों में आ गया है।
रिपोर्ट
शाहरुख पर नियमों के उल्लंघन का आरोप
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार एक सामाजिक कार्यकर्ता संतोष दौंडकर ने अभिनेता के खिलाफ राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) का रुख किया है।
इसमें संतोष ने अभिनेता और महाराष्ट्र तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण (MCZMA) पर तटीय विनियमन क्षेत्र (CRZ) की अनुमति लिए बिना बंगले में बदलाव का आरोप लगाया है और नवीनीकरण के दौरान नियमों के उल्लंघनों का आरोप लगाया है।
उनका आरोप है कि ये बदलाव करने को लेकर शाहरुख ने उचित अनुमति नहीं ली है।
मन्नत
मुंबई के आकर्षण का केंद्र है मन्नत
बांद्रा के रिहायशी इलाके में स्थित आलीशान हवेली मन्नत किसी टूरिस्ट प्लेस से कम नहीं। प्रशंसक अक्सर मन्नत का दीदार करने जाते हैं और इसके बाहर खड़े होकर तस्वीरें भी खिंचवाते हैं।
हालांकि, अब जबकि शाहरुख और गौरी खान ने अपने घर को और भी शानदार बनाने के लिए इसका नवीनीकरण करने का फैसला किया, इससे पहले ही उनका बंगला कानूनी पचड़े में फंस गया है।
शाहरुख के स्टारडम का सबूत मन्नत की कीमत 200 करोड़ रुपये बताई जाती है।
सबूत
NGT ने मांगे सबूत
दरअसल, शाहरुख का महलनुमा बंगला मन्नत ग्रेड III धरोहर संरचना की सूची में शुमार है। ऐसे में इस बंगले में किसी भी तरह का बदलाव करने के लिए उचित अनुमति की जरूरत होती है।
यह भी दावा किया गया है कि उन्होंने जन आवास के लिए बने बारह 1-BHK फ्लैट्स को एक परिवार के लिए एक घर में बदल दिया है।
NGT ने दौंडकर से उनके दावों के सबूत प्रस्तुत करने को कहा है।
सुनवाई
23 अप्रैल को होगी सुनवाई
न्यायिक सदस्य दिनेश कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य विजय कुलकर्णी ने कहा कि यदि परियोजना प्रस्तावक या MCZMA द्वारा कोई उल्लंघन हुआ है तो दौंडकर को 4 सप्ताह के भीतर सबूत प्रस्तुत करने होंगे।
अगर वह ऐसा करने में असफल रहते हैं तो अपील खारिज की जा सकती है। NGT इस मामले की अगली सुनवाई अब 23 अप्रैल को करेगा।
बता दें कि शाहरुख अपने 6 मंजिला बंगले मन्नत में 2 और मंजिलें जोड़ने की योजना बना रहे हैं।