बुर्का पहनने की आजादी पर शबाना आजमी की दो टूक- मजबूर करोगे तो 3 पहन लूंगी
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेत्री शबाना आजमी अपने बेबाक बयानों की वजह से हमेशा चर्चा में रहती हैं। हालिया बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह भले धार्मिक रीति-रिवाजों नहीं मानतीं, लेकिन वह संस्कृति के हिसाब से खुद को मुस्लिम मानती हैं। उन्होंने बुर्का पहनने की आजादी को लेकर भी अपनी राय व्यक्त की और बताया कि कुरान में महिलाओं और पुरुषों के लिए क्या कहा गया है। शबाना का जन्म मुस्लिम परिवार में हुआ है, लेकिन वह खुद को नास्तिक मानती हैं।
बयान
शबाना ने बुर्का न पहनने पर अपनी राय रखी
उषा काकड़े के साथ एक पॉडकास्ट पर, शबाना ने बुर्का को लेकर बात की।
उन्होंने कहा, "कुरान में कहीं नहीं लिखा है कि आपको इस तरह बुर्का पहनना चाहिए। कुरान में बस इतना लिखा है कि आपकी आंखों में शर्म होनी चाहिए। वह शर्म औरतों और मर्दों दोनों के लिए है।"
अभिनेत्री ने "बिचौलियों" पर आरोप लगाया कि वह शिक्षाओं को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं और बता रहे हैं कि कुरान औरतों को पर्दा करने के लिए कहता है।
बेबाकी
शबाना ने कही 3 बुर्का पहन लेने की बात
उन्होंने कहा, "मैं बुर्का नहीं पहनती, लेकिन मेरा यह भी मानना है कि अगर कोई मुझसे कहे कि मैं बुर्का नहीं पहन सकती, तो मैं 3 बुर्का पहन लूंगी। तुम कौन होते हो मुझे यह कहने वाले? लेकिन ऐसा नहीं हो सकता कि सेक्युलरिज्म के पर्दे में तुम कट्टरपंथ फैलाओ।"
यह पहली दफा नहीं है, जब अभिनेत्री ने इस विषय पर बात की। इससे पहले उन्होंने 2022 के उडुपी हिजाब विवाद पर भी खुलकर अपनी राय व्यक्त की थी।