'आसमानी' पर घमासान, झूठे आरोपों पर सयानी गुप्ता का पलटवार; ठोका 9 करोड़ का मानहानि मुकदमा
क्या है खबर?
बतौर निर्देशक सयानी गुप्ता की पहली फिल्म 'आसमानी' पर कॉपीराइट उल्लंघन के आरोप लगने के बाद विवाद बढ़ गया है। इन आरोपों से परेशान होकर अभिनेत्री ने फिल्म मेकर विनीता नेगी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। सयानी का साफ कहना है कि ये सभी आरोप पूरी तरह झूठे और भ्रामक हैं। इस बेवजह के विवाद से उनकी फिल्म और साख को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते उन्होंने अदालत से तुरंत राहत देने की मांग की है।
कार्रवाई
सयानी ने कोर्ट से मांगी तुरंत राहत
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपों को झूठा और मानहानिकारक बताते हुए सयानी ने फिल्म मेकर विनीता नेगी के खिलाफ कड़ा कानूनी रुख अपनाया है और उन पर 9 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा ठोका है।
अभिनेत्री का आरोप है कि इस विवाद से उनकी फिल्म को भारी व्यावसायिक नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते उन्होंने अदालत से तुरंत राहत मांगी है। ये मामला 'सयानी गुप्ता बनाम विनीता नेगी व अन्य' के नाम से दर्ज हुआ है।
दलील
"आइडिया पर किसी का हक नहीं"
विनीता नेगी ने सयानी पर अपनी अधूरी डॉक्यूमेंट्री 'प्रभा' की स्क्रिप्ट चुराने का आरोप लगाया, क्योंकि दोनों प्रोजेक्ट्स में बुजुर्ग महिला और विंटेज कार शामिल है।
सयानी ने कोर्ट में कहा कि महज एक विचार पर किसी का एकाधिकार नहीं होता। सयानी का आरोप है कि SWA में मामला लंबित रहते विनीता ने सोशल मीडिया पर भ्रामक अभियान चलाकर 250 लोगों का झूठा समर्थन जुटाया, जिससे उनकी फिल्म 'आसमानी' को न्यूजीलैंड फिल्म फेस्टिवल (TIFFNZ) से हटा दिया गया।
मााफी की मांग
सयानी ने विनीता नेगी से मांगी सार्वजनिक माफी
सयानी की याचिका में कहा गया है कि इन मानहानिकारक आरोपों से एक निर्देशक के रूप में उनके पेशेवर करियर और साख को भारी नुकसान पहुंचा है।
भविष्य में प्रतिष्ठा को और क्षति से बचाने के लिए सयानी ने कोर्ट से मेटा, रेडिट और डेक्कन क्रॉनिकल को ऐसे सभी पोस्ट व खबरें हटाने के निर्देश देने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने विनीता नेगी से बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की है।