Page Loader
मिस यूनिवर्स के इतिहास में पहली बार शामिल होगा सऊदी अरब, ये मॉडल करेगी प्रतिनिधित्व
मिस यूनिवर्स में पहली बार शामिल होगा सऊदी अरब (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@rumy_alqahtani)

मिस यूनिवर्स के इतिहास में पहली बार शामिल होगा सऊदी अरब, ये मॉडल करेगी प्रतिनिधित्व

Mar 26, 2024
06:48 pm

क्या है खबर?

सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स का इंतजार देश और दुनियाभर के दर्शकों को होता है और इस साल यह प्रतियोगिता और खास होने वाली है क्योंकि इतिहास में पहली बार इस्लामिक देश सऊदी अरब का झंडा भी प्रतियोगिता के मंच पर दिखाई देगा। मॉडल रूमी अलकाहतानी पहली बार प्रतियोगिता में इस देश का प्रतिनिधित्व करेंगी और उन्होंने ही सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है। आइए जानते हैं मॉडल ने अपने पोस्ट में क्या लिखा।

घोषणा

प्रतियोगिता में पहली बार सऊदी अरब साम्राज्य पहुंचेगा- रूमी 

रूमी ने पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है कि वह मिस यूनिवर्स की स्टेज पर सऊदी अरब के झंडे को लेकर उतरेंगी। वह पहले भी कई सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने देश का झंडा लहराते हुए अपनी एक तस्वीर प्रशंसकों के साथ साझा की और लिखा, 'मिस यूनिवर्स 2024 प्रतियोगिता में भाग लेने पर मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं। प्रतियोगिता में पहली बार सऊदी अरब साम्राज्य पहुंचेगा।'

उपलब्धि

कौन हैं रूमी?

रूमी 27 साल की हैं और उनका जन्म रियाद में हुआ था। वह अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं और कई वैश्विक प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 10 लाख फॉलोअर्स हैं। कुछ सप्ताह पहले उन्होंने मलेशिया में मिस एंड मिसेज ग्लोबल एशियन में हिस्सा लिया था। मिस सऊदी अरब का ताज पहनने के अलावा रूमी ने मिस मिडिल ईस्ट (सऊदी अरब), मिस अरब वर्ल्ड पीस 2021 और मिस वुमन (सऊदी अरब) का खिताब जीता है।

पसंद

मॉडल की खूबसूरती के मुरीद हुए लोग

सऊदी अरब एक इस्लामिक देश है। ऐसे में मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में सऊदी का शामिल होना एक बड़ा संदेश है। उनके इस पोस्ट पर लोगों ने बधाई दी। बहुत से लोगों ने उन्हें शुभकामना दी, वहीं ज्यादातर लोगों ने उनकी सुंदरता की तारीफ की है। इससे पहले मिस यूनिवर्स की एक शुरुआती प्रतियोगिता जीतने पर पाकिस्तान की एरिका रॉबिन को विरोध का सामना करना पड़ा था। कराची की रहने वालीं एरिका रॉबिन पाकिस्तान की पहली मिस यूनिवर्स बनी थीं।

आयोजन

इस साल मैक्सिको में होगी प्रतियोगिता

पिछले साल अमेरिका में हुई मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता का आयोजन इस साल मैक्सिको में होगा। निकारागुआ की शेन्निस पलासियोस ने मिस यूनिवर्स 2023 का ताज पहना था और श्वेता शारदा ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। भारत ने अब तक सिर्फ 3 बार मिस यूनिवर्स का ताज जीता है। 1994 में सुष्मिता सेन मिस यूनिवर्स जीतने वाली पहली भारतीय प्रतियोगी बनी थीं। इसके बाद साल 2000 में लारा दत्ता और 2021 में हरनाज कौर संधू ने यह खिताब जीता था।