सरोज खान के इन गानों पर थिरकीं बॉलावुड की मशहूर अभिनेत्रियां, 3 बार जीता राष्ट्रीय पुरस्कार
क्या है खबर?
सरोज खान मरोरंजन जगत की वो शख्सियत है, जिनके इशारे पर बॉलीवुड के बड़े से बड़े सितारे थिरके हैं।
22 नवबंर, 1948 को जन्मी सरोज ने अपने करियर में तकरीबन 3,000 गानों को कोरियोग्राफ किया है।
सरोज भले ही अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उनके गाने आज भी लोगों को पसंद आते हैं।
आइए उनकी जयंती के मौके पर उनके शानदार गानों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने उन्हें 'मास्टर जी' का तमगा भी दिला दिया।
#1
'हवा हवाई'
श्रीदेवी पर फिल्माया गया गाना 'हवा हवाई' आज भी लोगों को बहुत पसंद आता है। इस गाने ने न सिर्फ लोगों को डांस कराया था बल्कि श्रीदेवी को भी 'हवा हवाई' कहकर बुलाया जाने लगा था।
1987 में आई फिल्म 'मिस्टर इंडिया' के इस गाने को कविता कृष्णमूर्ति ने आवाज दी थी। इस फिल्म में श्रीदेवी की जोड़ी अनिल कपूर के साथ बनी थी।
श्रीदेवा को 'मेरे हाथों में नौ नौ चूड़ियां हैं' पर भी सरोज ने ही थिरकाया था।
#2
'एक दो तीन' और 'धक धक'
1988 में आई फिल्म 'तेजाब' के गाने 'एक दो तीन' ने लोगों को दीवाना बना दिया था। माधुरी दीक्षित पर फिल्माए गए इस गाने को सरोज ने इतने शानदार ढंग से कोरियोग्राफ किया था कि आज भी लोग उनके स्टेप कॉपी करते हैं।
इसके अलावा फिल्म 'बेटा' का गाना 'धक धक करने लगा' भी सरोज के बेहतरीन गानों में शुमार है। इसमें माधुरी के साथ अनिल नजर आए थे, वहीं अभिनेत्री को 'धक धक गर्ल' कहकर बुलाया जाने लगा।
#3
'डोला रे डोला' और 'मार डाला'
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म 'देवदास' बॉलीवुड की बेहतरीन फिल्मों में शुमार है, जिसके गानों को भी दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया था। फिल्म में शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और माधुरी नजर आए थे।
इसमें माधुरी और ऐश्वर्या पर फिल्माया गाया गाना 'डोला रे डोला' काफी मशहूर हुआ था, जिसमें दोनों अभिनेत्रियों के बीच जुगलबंदी दिखी थी।
इसके अलावा 'मार डाला' गाने को भी सरोज ने कोरियोग्राफ किया था, जिसमें माधुरी की कातिलाना अदाएं नजर आई थीं।
#4
'निंबूड़ा निंबूड़ा'
भंसाली की 1999 में आई फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' में सलमान खान, ऐश्वर्या और अजय देवगन शामिल थे।
फिल्म में ऐश्वर्या को एक चुलबुली लड़की नंदिनी के किरदार में दिखाया गया था, जो 'निंबूड़ा निंबूड़ा' गाने पर डांस करती है।
इस गाने को पर्दे पर शानदार ढंग से दिखाने का जिम्मा सरोज के पास ही था और उन्होंने ऐश्वर्या के डांस से इसे बखूबी दर्शाया।
शादी हो या पार्टी अक्सर लोग इस पर डांस करते नजर आते हैं।
#5
'ये इश्क हाय'
करीना कपूर पर फिल्माया गया गाना 'ये इश्क हाय' भी लोगों का दिल जीतने में पूरी तरह से कामयाब रहा था।
इस गाने के स्टेप्स बेहद आसान थे, जिससे हर कोई इस पर ठुमके लगा सकता था।
2007 में आई फिल्म 'जब वी मेट' का यह गाना और उसकी कोरियोग्राफी शानदार थी, जिससे गीत बनी करीना पर्दे पर उम्दा लगा थीं।
इस फिल्म में करीना, शाहिद कपूर के साथ नजर आई थीं, जिनकी जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया था।
जानकारी
राष्ट्रीय पुरस्कार भी किया अपने नाम
सरोज का असली नाम निर्मला नागपाल था। वह विभाजन के बाद अपने परिवार के साथ पाकिस्तान से भारत आई थीं। उन्हें गाने 'डोला रे डोला', 'ये इश्क हाय' और तमिल फिल्म 'श्रृंगारम' के सभी गानों के लिए सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।