सारा ने की नेपोटिज्म पर बात, बोलीं- नहीं था गॉडफादर; पिता ने भी नहीं की मदद
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक प्रतिष्ठित फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनकी दादी शर्मिला टैगोर और माता-पिता अमृता सिंह व सैफ अली खान फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने नाम हैं। फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में सारा ने माना कि स्टार किड होने का उन्हें बॉलीवुड में फायदा मिला है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि नेपोटिज्म पर लगातार चर्चा होने से उनकी मेहनत और प्रयासों को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।
बात
सारा ने की नेपोटिज्म पर बात
सारा से पूछा गया कि क्या उनके परिवार की विरासत ने उनकी मदद की है या उन पर बोझ बनी है, तो सारा ने कहा, "यह दोनों का मिला-जुला रूप है। मैं इतनी नासमझ या भ्रम में नहीं हूं कि इस बात को न मानूं या इसके लिए आभारी न रहूं कि इसने मेरे लिए कई दरवाजे खोले। इसने मुझे पहचान दी है, लेकिन साथ ही, कभी-कभी मुझे लगता है कि उम्मीदों का स्तर बहुत ऊंचा हो जाता है।"
नापसंद
सारा को नहीं अच्छी लगती यह बात
सारा ने आगे कहा, "लोगों के लिए 'नेपोटिज्म' बुरा शब्द बन गया और मुझे जो बात अच्छी नहीं लगती, वह यह है कि इससे इंसान की अपनी मेहनत को नजरअंदाज कर दिया जाता है। मैंने पहले भी कहा है और फिर कहूंगी चाहे जाह्नवी हों, अनन्या हों या मैं, हमने यह नहीं चुना कि हम किस परिवार में पैदा होंगे। हम बस किस्मत वाले थे। मुझे नहीं लगता कि हमारी गलती न होने पर भी हमें दोषी ठहराना सही है।"
खुलासा
सारा के पिता सैफ ने नहीं की उनकी मदद
सारा कहती हैं, "क्या 'नेपोटिज्म' से हमें कोई फायदा मिला है? हां, बिल्कुल। हमें ऐसा डेब्यू मिला जिसके लिए लोग तरसते हैं, लेकिन करियर के 8 साल बाद भी, अगर मुझे लोगों को यह समझाना पड़े तो मुझे नहीं लगता कि इसकी जिम्मेदारी मुझ पर होनी चाहिए। मैं अकेली मां के साथ रहती हूं। मेरे पास कोई ऐसा पिता नहीं था जो ऑफिस जाए, मेरे कॉन्ट्रैक्ट्स पर बातचीत करे और लोगों से मुझे अपनी फिल्मों में लेने की गुजारिश करे।"
तलाक
कब हुआ था अमृता और सैफ का तलाक?
सारा आगे कहती हैं, "जब मुझे 'केदारनाथ' के समय कोई परेशानी हुई, तो मैंने उसे खुद ही सुलझाया। मेरे साथ कोई नहीं था। यह दोधारी तलवार की तरह है, क्योंकि इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर नहीं था।"
बता दें सारा के माता-पिता अमृता और सैफ का 2004 में तलाक हो गया था, और उनकी परवरिश मुख्य रूप से उनकी मां ने ही की है।
सारा ने 'केदारनाथ' से डेब्यू के बाद 'सिम्बा', 'अतरंगी रे' जैसी फिल्मों में काम किया है।