धनुष की फिल्म के लिए भंसाली ने करीना पर खेला दांव, खत्म हुआ बरसों पुराना मनमुटाव
क्या है खबर?
लगभग 25 साल बाद निर्देशक संजय लीला भंसाली और करीना कपूर अपने पुराने मतभेद भुलाकर एक साथ काम करने की तैयारी में हैं। बॉलीवुड के गलियारों में चर्चा है कि भंसाली ने अपनी आने वाली बड़ी फिल्म में मुख्य अभिनेत्री के रोल के लिए करीना से संपर्क किया है। धनुष के अभिनय से सजने वाली इस भव्य पौराणिक जंगल एडवेंचर फिल्म से करीना और भंसाली के पहली बार साथ आने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट
धनुष की बराबरी वाली भूमिका करेंगी करीना
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, इस फिल्म में धनुष के साथ एक बेहद शक्तिशाली महिला किरदार होगा, जो समानांतर मुख्य भूमिका में नजर आएगा। भंसाली इस रोल के लिए करीना को फिल्म में लेने के लिए काफी उत्सुक हैं।
कहा जा रहा है कि अभिनेत्री ने भी उनके इस प्रोजेक्ट में रुचि दिखाई है, लेकिन अभी तक अंतिम फैसला नहीं लिया है। फिलहाल उनकी फीस, शूटिंग की तारीखों और कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी बाकी औपचारिकताओं को लेकर बातचीत चल रही है।
कहानी
पौराणिक कथा पर आधारित भंसाली की नई फिल्म
इस फिल्म को पौराणिक कथाओं पर आधारित एक महत्वाकांक्षी जंगल एडवेंचर के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि, फिल्म की कहानी और किरदारों से जुड़ी जानकारी को पूरी तरह से गुप्त रखा गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि ये कहानी एक हाथी के इर्द-गिर्द घूमती है और इसे बेहद बड़े पैमाने पर बनाया जाएगा।
भंसाली इस फिल्म का निर्माण तो 'इरुम्बु थिरई', 'हीरो' और 'सरदार' जैसी फिल्में बना चुके तमिल निर्देशक पी एस मित्रन इसका निर्देशन करेंगे।
दूरी
करीना-भंसाली की 24 साल पुरानी दूरी होगी खत्म
फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्टिंग का काम चल रहा है, जिसका प्री-प्रोडक्शन नवंबर में शुरू होने की उम्मीद है और मुख्य शूटिंग जनवरी 2027 से शुरू होगी।
हालांकि, करीना ने अभी तक इस प्रोजेक्ट को साइन नहीं किया है। अगर ये सहयोग संभव होता है तो भंसाली के साथ ये उनकी पहली फिल्म होगी, जो उनके बीच सालों से चले आ रहे पेशेवर मतभेद और दूरी को हमेशा के लिए खत्म कर देगी।
कहानी
भंसाली और करीना के 25 साल पुराने विवाद की कहानी
भंसाली और करीना के बीच विवाद की मुख्य वजह साल 2000 में फिल्म 'देवदास' की कास्टिंग थी।
'पारो' के किरदार के लिए भंसाली ने करीना का लुक टेस्ट लिया था। करीना और उनके परिवार को लगा कि वो फिल्म के लिए फाइनल हैं, लेकिन भंसाली ने ऐश्वर्या राय को फिल्म में ले लिया। इस बात से आहत करीना ने भंसाली पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
बाद में 'गोलियों की रासलीला रामलीला' छोड़ने पर भी उनके रिश्तों में कड़वाहट बनी रही।