संजय दत्त को 'युद्ध' से हटाना पड़ा भारी? निर्देशक राजीव ने खोला टूटी दोस्ती का राज
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता राजीव राय ने हाल ही में अभिनेता संजय दत्त के साथ अपनी टूटी दोस्ती को लेकर खुलकर बात की। विक्की लालवानी के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि दोनों के रिश्ते में दरार कैसे आई। राजीव के मुताबिक, यह सब उनकी पहली निर्देशित फिल्म 'युद्ध' के दौरान हुआ, जब उन्होंने संजय को फिल्म से हटाकर उनकी जगह किसी दूसरे अभिनेता को कास्ट कर लिया था।
रिश्ता
राजीव और संजय के परिवार के बीच थी गहरी दोस्ती
राजीव ने कहा, "उन दिनों संजय कुछ निजी समस्याओं से गुजर रहे थे, इसलिए मैं उनके साथ 'युद्ध' फिल्म पूरी नहीं कर सका।"
राजीव ने बताया कि उनके परिवार के दत्त परिवार के साथ काफी करीबी रिश्ते थे। उनके पिता, गुलशन राय ने संजय की पहली फिल्म 'रॉकी' में पैसा लगाया था, जिसका निर्देशन खुद संजय के पिता सुनील दत्त ने किया था।
राजीव ने यह भी बताया कि उनके पिता और सुनील दत्त के बीच गहरी दोस्ती थी।
खुलासा
राजीव को है इस चीज का पछतावा
राजीव ने आगे कहा, "अब हम ऊपर-ऊपर से तो दोस्त हैं, लेकिन पहले जैसी गहरी दोस्ती नहीं रही। इस घटना के बाद शायद मैं एक या 2 बार उनके घर गया होऊं। उससे पहले हमारी बहुत गहरी दोस्ती थी, जो टूट गई। वह फैसला लेते समय मैं भी खुश नहीं था। कभी-कभी जब मैं इस बारे में सोचता हूं, तब मुझे लगता है कि मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था।"
कास्ट
'युद्ध' में संजय की जगह नजर आए था यह सितारा
राजीव ने बताया कि फिल्म में जैकी श्रॉफ वाला किरदार संजय को निभाना था, लेकिन जब वह फिल्म पूरी नहीं कर पाए, तब पूरी फिल्म को फिर से शूट करना पड़ा, जबकि केवल 20-30 प्रतिशत हिस्सा ही शूट होना बाकी था।
निर्देशक ने बताया कि फिल्म में अनिल कपूर को भी नए सिरे से कास्ट किया गया था। 1985 में रिलीज हुई 'युद्ध' से राजीव ने बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत की थी।