'धुरंधर 2' को 'प्रोपेगेंडा' बताने वालों पर बरसे संदीप रेड्डी वांगा, बोले- पूरा खेत जलाना पड़ेगा
क्या है खबर?
'कबीर सिंह' और 'एनिमल' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा अपनी हालिया पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। दरअसल, 8 अप्रैल को वह अभिनेता प्रभास के साथ फिल्म 'धुरंधर 2' देखने पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर उनकी कई तस्वीरें भी वायरल हुईं, जिनमें उन्हें अभिनेता के साथ फिल्म का लुत्फ उठाते देखा गया। अब हाल ही में उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट साझा किया और 'धुरंधर 2' को 'प्रोपेगेंडा' बताने वालों की आलोचना की है।
रुख
निर्देशक ने 'धुरंधर 2' को 'प्रोपेगेंडा' कहे जाने पर अपना रुख स्पष्ट किया
निर्देशक ने अपने नोट की शुरुआत उन लोगों की आलोचना करते हुए की जो 'धुरंधर 2' को प्रोपेगेंडा बताते हैं। उन्होंने लिखा, 'लेखकों और अभिनेताओं ने प्रचार के दम पर अपना करियर बनाया और सिनेमा जगत बिल्ली की तरह चुप रहा। अब वही लोग 'धुरंधर' का मजाक उड़ा रहे हैं। अगर आपकी पहली प्रवृत्ति मजाक उड़ाना है तो आप खुद को उदारवादी नहीं कह सकते। पता नहीं कब से सच को प्रचार का नाम दिया जाने लगा... अजीब समय है।'
सुझाव
रणवीर सिंह और आदित्य धर को ये सुझाव दिया
वांगा ने 'धुरंधर 2' की तारीफ करते हुए अभिनेता रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर को सुझाव भी किया । उन्होंने लिखा, 'मैं बताना चाहता हूं आदित्य धर और रणवीर, ये काली दृष्टि ऐसे नहीं जाएगी... मुट्ठी भर के लाल मिर्च से काम नहीं चलेगा....पूरा खेत जलाना पड़ेगा। कल रात 'धुरंधर 2' देखी....जबरदस्त फिल्म।' वांगा इन दिनों प्रभास और तृप्ति डिमरी अभिनीत फिल्म 'स्पिरिट' की शूटिंग में व्यस्त हैं। ये फिल्म 5 मार्च, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।