समय रैना पर बिफरे मुकेश खन्ना, कहा- तू मुंह काला करके गधे पर बैठने लायक है
क्या है खबर?
भारतीय टेलीविजन के 'शक्तिमान' यानी मुकेश खन्ना एक बार फिर अपने बेबाक और सख्त अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनके निशाने पर आए हैं मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना। समय के कॉमेडी कंटेंट और उनके 'रोस्टिंग' के तरीके से नाराज मुकेश ने उन्हें जमकर फटकार लगाई है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि समय गधे पर बैठने लायक हैं। आखिर क्यों मुकेश का गुस्सा कॉमेडियन पर फूटा, आइए जानते हैं।
आरोप
समय ने मुकेश पर लगाया था लाइमलाइट बटोरने का आरोप
मुकेश और समय के बीच जुबानी जंग अब बेहद कड़वी हो गई है। हाल ही में समय ने अपने शो 'स्टिल अलाइव' में मुकेश पर निशाना साधते हुए उन पर 'लाइमलाइट बटोरने' का आरोप लगाया था। समय ने दावा किया था कि मुकेश खन्ना जानबूझकर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद में कूदे थे ताकि वे फिर से 'लाइमलाइट' में आ सकें और खबरों में बने रह सकें। अब मुकेश ने इसका करारा जवाब देते हुए एक चौंकाने वाला पोस्ट किया है।
आलोचना
"तूने तो बच्चे मारे हैं, तू किस आधार पर नैतिकता की बात कर रहा है?"
दरअसल, ये विवाद समय के शो 'स्टिल अलाइव' से शुरू हुआ। शो के दौरान समय ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' (2025) विवाद पर मुकेश द्वारा की गई आलोचना का जवाब दिया। समय ने कहा, "शक्तिमान कह रहा था कि इस कंटेंट का बच्चों पर क्या असर पड़ेगा, पर भाई, जब शक्तिमान आता था, तब हर महीने खबर आती थी कि कोई बच्चा बिल्डिंग से कूद गया। तूने तो बच्चे मारे हैं, तू किस आधार पर नैतिकता की बात कर रहा है?"
पलटवार
मुकेश खन्ना ने समय रैना को बताया 'कुत्ते की दुम'
मुकेश ने समय की एक एडिटेड (छेड़छाड़ की गई) तस्वीर साझा की, जिसमें कॉमेडियन को एक गधे पर बैठा दिखाया गया है। तस्वीर पर लिखे टेक्स्ट में खन्ना ने सीधे तौर पर हमला करते हुए लिखा, 'समय रैना तू सिर्फ गधे पर बैठने के लायक है, वो भी मुंह काला करके।' खन्ना ने समय को 'कुत्ते की दुम' भी करार दिया, जो कभी सीधी नहीं हो सकती। मुकेश की ये तीखी प्रतिक्रिया ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है।
दो टूक
लाख शीशियों में रखो, रहेगा टेढ़ा ही- मुकेश खन्ना
मुकेश ने अपने पोस्ट के कैप्शन में भी बेहद तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने लिखा, 'कुत्ते की दुम टेढ़ी ही रहती है। उसे लाख शीशियों में रखो, बाहर निकालो तो फिर टेढ़ी की टेढ़ी। समय रैना की भी एक दुम है। उसे कितना भी मारो या सीधा करो, वो वापस टेढ़ी हो जाती है।' उन्होंने आगे समय रैना को एक ऐसा 'भुना हुआ' प्राणी बताया, जो गंदगी की आग में जलकर पका हुआ है।
नाराजगी
मुकेश ने लिखा- समय रैना पर बरसाओ अंडे और टमाटर
मुकेश ने कड़े शब्दों में लिखा, 'अब एक ही चीज बाकी है। उसका मुंह काला कर गधे पर बिठाकर देशभर के शहरों और गलियों में उसकी परेड करनी चाहिए, जहां बच्चे उसे अंडे और टमाटर मारें।' खन्ना का कहना है कि समय रैना ने करोड़ों बच्चों के चहेते सुपरहीरो 'शक्तिमान' का अपमान किया है, जिसके लिए उन्हें ऐसी ही सजा मिलनी चाहिए। मुकेश के फैंस जहां उनका समर्थन कर रहे हैं, वहीं समय के प्रशंसक उन्हें खरी-खोटी सुना रहे हैं।