LOADING...
समय रैना ने सरेआम उड़ाई सुनील पाल की खिल्ली, पूछा- तुम ब्रश क्यों नहीं करते?
समय रैना ने सुनील पाल को दिया करारा जवाब

समय रैना ने सरेआम उड़ाई सुनील पाल की खिल्ली, पूछा- तुम ब्रश क्यों नहीं करते?

May 03, 2026
06:59 pm

क्या है खबर?

मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल और समय रैना के बीच की जुबानी जंग अब बेहद निजी और कड़वी होती जा रही है। सुनील पाल द्वारा समय रैना को 'आतंकवादी' कहे जाने के बाद, अब समय ने भी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बेहद मजाकिया, लेकिन तीखे अंदाज में पलटवार करते हुए सुनील पाल की 'साफ-सफाई की आदतों पर सवाल उठा दिए हैं, जिससे सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। ऐसा क्या कहा समय ने, आइए जानते हैं।

स्पेशल एपिसोड

विवाद के बाद पहली बार साथ दिखे समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया

'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का 'वर्ल्ड लाफ्टर डे' स्पेशल एपिसोड चर्चा में है। इसमें समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया बतौर मेहमान नजर आए, जो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद के बाद पहली बार एक साथ पर्दे पर दिखे। असली ट्विस्ट तब आया जब दिग्गज कॉमेडियन सुनील पाल ने कैमियो एंट्री की। सुनील और समय का रिश्ता काफी तनावपूर्ण रहा है, ऐसे में इन दोनों का आमना-सामना होना इस सीजन के सबसे चौंकाने वाले पलों में से एक बन गया है।

सवाल

कपिल शर्मा का सुनील से तीखा सवाल

इस पुरानी कड़वाहट को चर्चा में लाते हुए होस्ट कपिल शर्मा ने चुटकी ली कि कैसे सुनील ने एक बार समय को 'कॉमेडी का आतंकवादी' करार दिया था। कपिल ने मजाकिया अंदाज में कहा, "सुनील भाई जब भी मंच पर जाते हैं, हमेशा कहते हैं कि मैं सुनील पाल 'कॉमेडी का लाल' हूं और समय को ये 'कॉमेडी का आतंकवादी' बोलते हैं। ऐसा कौन सा आपने इन्हें मुंह से ग्रेनेड फेंकते हुए देख लिया? कुछ विचार आप पेश करें।"

Advertisement

तंज

"जो समाज में नहीं आता, वो आतंकवादी है"

इस पर सुनील ने जवाब दिया, "कपिल भाई, अगर ये मुंह से ग्रेनेड मार देते तो अच्छा होता, लेकिन ये जो मारते हैं, वो सहा नहीं जाता। जो समझ में नहीं आता, वो समाज में नहीं आता। और जो समाज में नहीं आता, वो तो आतंकवादी ही होता है ना?" समय ने भी इस पर कहा, "इनको मुझसे इतनी ही दिक्कत है कि मैं क्या कहूं, मुंह से ग्रेनेड मारता हूं... मैं क्या बोलूं, बताइए जो भी दिक्कत है।"

Advertisement

निशाना

समय ने सुनील से पूछा लिया ऐसा सवाल?

इसके बाद समय ने मजाकिया लहजे में तंज कसते हुए कहा, "मैं मेले में परफॉर्म नहीं करता हूं। मैं उल्टी-सीधी बातें करता हूं। मुझे आपसे कोई दिक्कत नहीं है सर, बस एक ही है कि आप ब्रश क्यों नहीं करते हो यार?" इस मजाक को जारी रखते हुए सुनील ने तंज कसा, "ब्रश करने का जमाना चला गया, मैं यहां पॉलिश करके ही आया हूं। और अब भी खुद को पॉलिश ही कर रहा हूं।"

हमला

सुनील पर समय ने पहले भी साधा था निशाना

इससे पहले एक इंटरव्यू में समय ने कहा था कि उन्हें सुनील की बातों का बुरा नहीं लगता, बल्कि उनके प्रति सहानुभूति महसूस होती है। समय के मुताबिक, जो व्यक्ति मानसिक शांति में नहीं होता और असुरक्षित महसूस करता है, वही दूसरों के बारे में बुरा बोलता है। उन्होंने कहा था कि जब 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद हुआ, तब केवल हताश लोगों ने ही उन पर निशाना साधा, जबकि कपिल शर्मा जैसे सफल और शांतिपूर्ण कलाकारों ने कुछ नहीं कहा।

Advertisement