सामंथा रुथ प्रभु-विजय देवरकोंडा समेत इन सितारों को चुनाव आयोग का नोटिस, जानें क्या है मामला
क्या है खबर?
हैदराबाद की कई मशहूर हस्तियों के नाम चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट में जारी नोटिस में सामने आए हैं। इनमें अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु, अभिनेता विजय देवरकोंडा और भारत के पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण शामिल हैं। इन हस्तियों को चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत नोटिस दिया गया है। इस अभियान का मकसद मतदाता सूची की जांच और उसमें जरूरी सुधार करना है।
नोटिस
इन सितारों को मिला नोटिस
हैदराबाद की कई मशहूर हस्तियों को वोटर लिस्ट की जांच के लिए नोटिस जारी किया गया है।
इनमें सामंथा, विजय और वीवीएस लक्ष्मण का नाम शामिल हैं। इनके अलावा महेश बाबू और उनकी पत्नी नम्रता, निर्देशक एसएस राजामौली, अभिनेता वेंकटेश दग्गुबाती और उनकी बेटियां भी सूची में हैं।
खेल जगत से साइना नेहवाल, मिताली राज और पुलेला गोपीचंद शामिल हैं तो उद्योगपति मुरली कृष्ण प्रसाद डिवी और राम चरण की पत्नी उपासना कोनिडेला को भी नोटिस मिला है।
कारण
इन वजहों से जारी हुए नोटिस
ये नोटिस वोटर लिस्ट की जांच प्रक्रिया का हिस्सा हैं। बताया गया है कि कुछ लोगों के नाम या माता-पिता के नाम में अंतर होने के कारण नोटिस जारी किए गए हैं।
कुछ मामलों में पुराने SIR रिकॉर्ड से मतदाता का मिलान नहीं हो पाया। कुछ नोटिस में कोई खास वजह नहीं बताई गई है।
नोटिस पाने वाले लोग जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं और गलतियों में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।