किच्चा सुदीप के निर्देशन की फिल्म में नजर आ सकते हैं सलमान
क्या है खबर?
साउथ अभिनेता किच्चा सुदीप अपनी हालिया रिलीज हुई फिल्म 'विक्रांत रोणा' को लेकर दर्शकों की जुबां पर हैं।
इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत मिली है। इसमें जैकलीन फर्नांडिस भी नजर आई हैं।
अब एक इंटरव्यू में उन्होंने अभिनेता सलमान खान के साथ फिल्म करने की बात कही है।
उन्होंने बताया कि वह सलमान को साथ लेकर अपने निर्देशन की फिल्म बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं।
रिपोर्ट
जल्द सलमान को कहानी सुनाएंगे किच्चा
पिंकविला के साथ बातचीत में किच्चा ने इस संबंध में पुष्टि की है।
उन्होंने कहा, "प्रक्रिया पिछले साल ही शुरू हुई थी और अभी कुछ समय और प्रतीक्षा करें। मुझे उन्हें कहानी बतानी है और फिर उनकी सहमति का इंतजार होगा। फिर सेट पर फिल्म के साथ जुड़ने के लिए वह अपना समय देंगे। सलमान भाई के साथ ऐसा ही होने वाला है। वह इतने व्यस्त हैं कि बहुत से लोग उनके लिए कहानी लिख रहे हैं।"
जानकारी
सही समय पर शुरू होगा प्रोजेक्ट- किच्चा
किच्चा का कहना है कि वह इस फिल्म को लेकर विचार-विमर्श कर रहे हैं और यह प्रोजेक्ट सही समय पर शुरू होगा। सलमान की हामी मिलने के बाद वह इस प्रोजेक्ट पर अपना काम शुरू कर सकते हैं।
दोस्ती
सलमान और किच्चा में है दोस्ती
सलमान और किच्चा की दोस्ती जगजाहिर है। किच्चा ने सलमान के साथ फिल्म 'दबंग 3' में काम किया था। इसी फिल्म के सेट पर सलमान और किच्चा की दोस्ती हुई थी।
किच्चा की 'विक्रांत रोणा' को हिंदी बाजारों में सलमान ने ही प्रस्तुत किया है। इस फिल्म के प्रमोशन में भी सलमान ने अपना हाथ बंटाया है। सलमान ने इसका टीजर भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था।
'विक्रांत रोणा' के लेखक और निर्देशक अनूप भंडारी हैं।
करियर
किच्चा ने इन फिल्मों में किया काम
किच्चा एक बेहतरीन निर्देशक हैं और वह कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कन्नड़ फिल्मों के अलावा तमिल, तेलुगु और हिंदी फिल्मों में भी अपने अभिनय का जलवा बिखेरा है।
किच्चा ने फिल्म 'फूंक' से बॉलीवुड में कदम रखा था। राम गोपाल वर्मा की यह फिल्म 2008 में रिलीज हुई थी। इसके बाद उन्हें 'रण' और 'फूंक 2' जैसी फिल्मों में देखा गया।
'दबंग 3' उनकी आखिरी हिंदी फिल्म थी।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
हाल में अभिनेता किच्चा और अजय देवगन के बीच हिंदी भाषा को लेकर तीखी बहस हुई थी। बाद में इस बहस में कई कलाकार कूद पड़े थे। किच्चा ने कन्नड फिल्मों को पैन इंडिया कहने पर आपत्ति दर्ज कराई थी।
वर्कफ्रंट
एक से बढ़कर एक कई फिल्मों में नजर आएंगे सलमान
सलमान 'मास्टर' की हिंदी रीमेक में नजर आ सकते हैं। 'टाइगर 3' में भी सलमान अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस फिल्म में एक बार फिर कैटरीना कैफ के साथ उनकी जोड़ी नजर आएगी।
वह शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। 'कभी ईद कभी दिवाली' और 'नो एंट्री 2' भी उनके खाते से जुड़ी हुई है।
इसके अलावा वह 'बजरंगी भाईजान 2' में भी अपना जलवा दिखाने वाले हैं।