'SVC 63': 120 करोड़ लेने वाले सलमान खान ने क्यों 70 करोड़ में साइन की फिल्म?
क्या है खबर?
बॉलीवुड के सबसे महंगे और दिग्गज सितारों में शुमार सलमान खान अपनी एक फिल्म के लिए अमूमन 120 करोड़ रुपये तक की मोटी फीस लेते हैं। हलांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान ने अपनी आगामी फिल्म 'SVC 63' के लिए अपनी तय और भारी-भरकम फीस में भारी कटौती करने पर सहमति जताई है। बताया जा रहा है कि उनके इस कदम के पीछे उनका एक बहुत ही करीबी दोस्त है, जिसकी खातिर उन्होंने ये बड़ा दिल दिखाया है।
रिपोर्ट
'SVC 63' में काम करने के लिए लेंगे सिर्फ 70 करोड़
सलमान जल्द ही निर्देशक वामशी पेडिपल्ली के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म 'SVC 63' पर काम शुरू करने वाले हैं, जो ईद, 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
खबरों की मानें तो इस फिल्म के लिए सलमान महज 70 करोड़ रुपये ले रहे हैं, जो उनकी आमतौर पर ली जाने वाली 120 करोड़ रुपये से ज्यादा की भारी-भरकम फीस के मुकाबले एक बहुत बड़ी कटौती मानी जा रही है।
दोस्ती
दोस्त रफी काजी की खातिर सलमान ने घटाई फीस
इंडस्ट्री से जुड़े एक अंदरूनी सूत्र ने फ्री प्रेस जर्नल को बताया, सलमान ने फिल्म 'SVC 63' के लिए अपनी फीस में भारी कटौती की है। पिछले 20 वर्षों से उनकी मार्केट वैल्यू 120 करोड़ रुपये से अधिक रही है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट के मुख्य मध्यस्थ उनके पुराने दोस्त रफी काजी हैं, जो फिल्म के सह-निर्माता भी होंगे और इसी गहरी दोस्ती के चलते भाईजान ने अपनी तय फीस में इतनी बड़ी कटौती करने के लिए खुशी-खुशी सहमति जताई है।
हिस्सेदारी
क्या सलमान लेंगे फिल्म के मुनाफे में हिस्सा?
हालांकि, ये अभी साफ नहीं है कि सलमान ने फीस घटाने के साथ फिल्म के मुनाफे में कोई हिस्सेदारी तय की है या नहीं।
साल 2010 की 'दबंग' के बाद से सलमान आमतौर पर वही फिल्में करते हैं, जिनमें उनका प्रॉफिट-शेयरिंग मॉडल होता है। उनकी ज्यादातर फिल्में उनके अपने बैनर 'SKF' या उनके परिवार द्वारा ही बनाई गई हैं।
यहां तक कि बाहरी बैनर की फिल्मों में भी सलमान OTT या सैटेलाइट राइट्स में अपनी हिस्सेदारी जरूर रखते हैं।
दरियादिली
मुफ्त में भी काम कर चुके सलमान
सलमान इंडस्ट्री में अपने दोस्तों की मदद करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अजय देवगन और रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' जैसी फिल्मों में बिना कोई फीस लिए कैमियो किए हैं।
अजय ने एक बार बताया था कि सलमान ने 'सन ऑफ सरदार' के 'पो पो' गाने के लिए भी पैसे लेने से इनकार कर दिया था। तब सलमान ने सीधे शब्दों में कहा था, "तुम मेरे दोस्त हो और मैं दोस्तों से पैसे नहीं लेता।"