Page Loader
सलमान खान की 'टाइगर 3' ने OTT पर दी दस्तक, जानिए कहां देखें
अमेजन प्राइम वीडियो पर आई 'टाइगर 3' (तस्वीर: एक्स/@BeingSalmanKhan)

सलमान खान की 'टाइगर 3' ने OTT पर दी दस्तक, जानिए कहां देखें

Jan 07, 2024
11:56 am

क्या है खबर?

सलमान खान और कैटरीना कैफ की फिल्म 'टाइगर 3' पिछले साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शुमार थी। फिल्म दिवाली के मौके पर आई और बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन कारोबार किया। जो प्रशंसक त्यौहारों में व्यस्त होने के कारण सिनेमाघरों में इसे देखने से चूक गए, वे लंबे समय से इसके OTT पर आने का इंतजार कर रहे थे। ऐसे दर्शकों का इंतजार खत्म हो गया है। 'टाइगर 3' ने अमेजन प्राइम वीडियो पर दस्तक दे दी है।

ट्वीट

सलमान ने ट्वीट कर दी जानकारी

शनिवार देर रात सलमान ने एक्स पर 'टाइगर 3' के OTT पर आने की जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'लॉक्ड, लोडेड और रेडी, आ रहा है टाइगर। अब टाइगर 3 प्राइम पर देखिए।' यानी कि अमेजन प्राइम के सब्सक्रिप्शन ये अब घर बैठे इस फिल्म का मजा लिया जा सकता है। लंबे समय से फिल्म की OTT रिलीज को लेकर तरह-तरह की अफवाह होती रहती थी। अब इन सभी अफवाहों पर विराम लग गया है।

फिल्म 

पाकिस्तान को बचाने निकले टाइगर-जोया

यह बॉलीवुड की लोकप्रिय फ्रैंचाइज 'टाइगर' की तीसरी फिल्म है। यह फ्रैंचाइज भारतीय जासूस अविनाश राठौड़ उर्फ टाइगर (सलमान) और पाकिस्तानी जासूस जोया (कैटरीना) की प्रेमकहानी और जांबाजी पर आधारित है। 'टाइगर 3' में दोनों मिलकर पाकिस्तान की उसके दुश्मनों से रक्षा करने के लिए निकलते हैं। इस बार फिल्म में इमरान हाशमी की भी एंट्री हुई है। इस एक्शन फिल्म में विलेन के रूप में हाशमी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

स्पाई यूनिवर्स 

स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है 'टाइगर 3'

'टाइगर 3' में शाहरुख खान के कैमियो ने खूब चर्चा बटोरी थी। फिल्म में शाहरुख अपने 'पठान' के किरदार में नजर आए थे। 'टाइगर' और 'पठान' दोनों यशराज फिल्म्स की चर्चित स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा हैं। इस यूनिवर्स में ऋतिक रोशन की 'वॉर' भी शामिल है। 'टाइगर 3' के बाद यूनिवर्स की अगली फिल्म 'वॉर 2' है। इस फिल्म में ऋतिक के साथ जूनियर एनटीआर भी नजर आएंगे। इसके अलावा 'टाइगर वर्सेज पठान' की चर्चा में है।

OTT

OTT पर और क्या है नया?

'टाइगर 3' के अलावा कंगना रनौत की 'तेजस' ने भी इसी हफ्ते OTT पर दस्तक दी है। यह फिल्म ZEE5 पर देखी जा सकती है। नानी और मृणाल ठाकुर की फिल्म 'हाय नन्ना' सिनेमाघरों के बाद अब नेटफ्लिक्स पर आ चुकी है। हिंदी में यह फिल्म 'हाय पापा' के नाम से देखी जा सकती है। TVF की चर्चित वेब सीरीज 'क्यूबिकल्स' की तीसरी किश्त 'क्यूबिकल्स 3' भी सोनी लिव पर इस हफ्ते से प्रसारित हो रही है।