सलमान खान की 'मातृभूमि' पर सेंसर बोर्ड की लटकी तलवार, क्या रिलीज में फंसेगा पेंच?
क्या है खबर?
सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मातृभूमि' को इस साल अगस्त में रिलीज होना था। खबर है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म पर रोक लगा दी है, जिससे इसके अगले महीने रिलीज होने की संभावना कम हो गई है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच 2020 में हुए गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित है, जिसका पूर्व में नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था। आइए जानते हैं पूरा मामला।
विवाद
'मातृभूमि' की रिलीज पर अगले आदेश तक रोक
NDTV के अनुसार, सेंसर बोर्ड ने 'मातृभूमि' के लिए मंजूरी प्रमाणपत्र को अगले आदेश तक रोक दिया है। इससे पहले, जब निर्माताओं ने फिल्म का टीजर जारी किया था उस वक्त चीन में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। चीनी सोशल मीडिया पर आरोप लगाया गया कि फिल्म में गलवान घाटी की झड़प गलत तरीके से पेश की गई है। विवाद के बीच, भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने भी कहा दिया कि उनका फिल्म से कोई लेना-देना नहीं है।
फिल्म
'मातृभूमि' में सलमान ने निभाया ये किरदार
'मातृभूमि' पहले 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी। फिर इसे अगस्त तक स्थगित करने की बात सामने आई। सेंसर द्वारा रोक लगाने के बाद रिलीज को लेकर स्थिति फिलहाल साफ नहीं हो पा रही है। फिल्म में सलमान को कर्नल संतोष बाबू के किरदार में देखा जाएगा, जो 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर थे। चित्रांगदा सिंह के साथ-साथ अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी फिल्म का अहम हिस्सा हैं। इसका संगीत हिमेश रेशमिया ने दिया है।