Page Loader
सलमान खान की फिल्म 'द बुल' बीच में लटकी, करण जौहर अब करेंगे स्क्रिप्ट में बदलाव
सलमान खान और करण जौहर की फिल्म 'द बुल' टली

सलमान खान की फिल्म 'द बुल' बीच में लटकी, करण जौहर अब करेंगे स्क्रिप्ट में बदलाव

Jan 23, 2024
05:27 pm

क्या है खबर?

सलमान खान को पिछली बार फिल्म 'टाइगर 3' में देखा गया। फिल्म में सलमान के काम को सराहा गया, वहीं बॉक्स ऑफिस पर भी इसने जोरदार कमाई की। 'टाइगर 3' के पर्दे पर आने के बाद से ही सलमान की आने वाली फिल्मों को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई थी। करण जौहर के साथ उनकी फिल्म 'द बुल' भी खूब चर्चा में रही। अब खबर है कि फिल्म को थोड़ा टालने का फैसला किया गया है।

 कारण

किस वजह से रुकी फिल्म की शूटिंग?

बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, मालदीव और भारत के बीच चल रहे विवाद के चलते फिल्म को 2 महीने के लिए टाल दिया गया है। मतलब यह है कि फिल्म क शूटिंग 2 महीने देरी से होगी। दरअसल, इस फिल्म की कहानी के तार मालदीव से जुड़े हुए हैं। करण वैसे ही किसी न किसी वजह से विवाद में रहते हैं और अब वह जानबूझकर विवाद को बढ़ावा नहीं देना चाहते, इसलिए थोड़ा हालात सुधरने का इंतजार कर रहे हैं।

बदलाव

स्क्रिप्ट में फिर से किया जा रहा काम

फिल्म का निर्देशन विष्णु वर्धन कर रहे हैं, जिन्होंने पिछली बार सिद्धार्थ मल्होत्रा को लेकर फिल्म 'शेरशाह' का निर्देशन किया था। करण, विष्णु और सलमान थोड़ा और समय लेकर यह तय करना चाहते हैं कि उनकी फिल्म का स्क्रीनप्ले कैसा रखना है। वे स्क्रिप्ट पर फिर से काम कर रहे हैं। भारत-मालदीव के बीच रिश्ते थोड़े बेहतर होने के बाद ही वे अपनी फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। फिलहाल, फरवरी में शुरू होने वाले शेड्यूल को टाल दिया गया है।

जुड़ाव

विवाद से 'द बुल' पर असर क्यों?

'द बुल' ऑपरेशन 'कैक्टस' पर आधारित है। 1988 में कुछ विद्रोहियों ने मालदीव में तख्तापलट की कोशिश की थी। ऐसे में भारतीय सेना ने ये ऑपरेशन मालदीव को विद्रोहियों से बचाने के लिए किया था। ऐन मौके पर पहुंचे भारतीय सेना के जवानों ने मालदीव के राष्ट्रपति की जान बचाई थी। यह ऑपरेशन ब्रिगेडियर फारुख बलसारा के नेतृत्व में हुआ था। फिल्म में सलमान उन्हीं फारुख बलसारा की भूमिका निभाने वाले हैं। उन्हें 'द बुल' नाम से बुलाया जाता था।

विवाद

अब भारत-मालदीव विवाद भी जान लीजिए

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल में लक्षद्वीप घूमने गए थे, जहां की खूबसूरत तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा कीं। इसके बाद मालदीव के कुछ मंत्रियों ने मोदी और लक्षद्वीप का मजाक उड़ाया। उनका कहना था कि लक्षद्वीप, कभी मालदीव की बराबरी नहीं कर पाएगा। इसी बात से आम जनता से लेकर बॉलीवुड सितारे भड़क गए और बायकॉट मालदीव ट्रेंड करने लगा। मालदीव में फिल्मों की शूटिंग रद्द हो गई। तभी से भारत-मालदीव के संबंधों में खटास चल रही है।