सैफ अली खान की फिल्म 'कर्तव्य' OTT पर आने को तैयार, तय हुई रिलीज तारीख
क्या है खबर?
सैफ अली खान 'सेक्रेड गेम्स' और 'तांडव' जैसी सीरीज के जरिए पहले ही OTT पर अपनी धाक जमा चुके हैं। अब उनकी अगली OTT परियोजना से जुड़ा अपडेट फैंस को खुश कर देगा। दरअसल, साल की शुरुआत में नेटफ्लिक्स ने उनकी क्राइम-ड्रामा फिल्म 'कर्तव्य' का ऐलान किया था। अब इसकी रिलीज तारीख तय हो गई है, जिसका निर्माण शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है। वहीं सीरीज का निर्देशन पुलकित ने किया है।
रिलीज
कब और कहां रिलीज होगी फिल्म?
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, 'कर्तव्य' का डिजिटल प्रीमियर नेटफ्लिक्स पर 15 मई, 2026 को होगा। इस क्राइम ड्रामा का निर्माण 3 साल से चल रहा था और आखिरकार अब OTT पर आने के लिए तैयार है। सैफ अपनी लोकप्रिय सीरीज 'सेक्रेड गेम्स' के लगभग 7 साल बाद पुलिस के किरदार में वापसी कर रहे हैं। उन्हें आखिरी बार सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्मित फिल्म 'ज्वेल थीफ' (2025) में देखा गया था। यह फिल्म भी नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।
कहानी
'कर्तव्य' की कहानी और कास्ट
'कर्तव्य' एक पुलिस अधिकारी की कहानी है, जिसकी जिंदगी गहन नैतिक संघर्ष के इर्द-गिर्द घूमती है। उस पर बढ़ते खतरे उसके परिवार को भी खतरे में डाल रहे हैं। मध्य ग्रामीण परिवेश में फिल्माई गई यह फिल्म कानून, परिवार, सच्चाई और कर्तव्य के जटिल संबंधों पर आधारित है। फिल्म में सैफ ने बहुआयामी नैतिक चरित्र की भूमिका निभाई है। उनके अलावा, रसिका दुग्गल, संजय मिश्रा, सौरभ द्विवेदी, जाकिर हुसैन और मनीष चौधरी जैसे सितारे भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।