'रामायण' के बाद, मणिरत्नम की फिल्म में जुटीं साई पल्लवी; इस अभिनेता संग बनी जोड़ी
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की पौराणिक फिल्म 'रामायण' में साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म का पहला भाग दिवाली, 2026 के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जिसका इंतजार हर किसी को है। ताजा खबर है कि अब साई अपनी अगली परियोजना में जुट गई हैं, जिसका निर्माण दिग्गज निर्माता मणिरत्नम कर रहे हैं। फिल्म का नाम तय नहीं है, लेकिन परियोजना का ऐलान इसी साल एक आधिकारिक पोस्ट के जरिए किया गया था।
शूटिंग
विजय सेतुपति के साथ साई ने शुरू की शूटिंग
मणिरत्नम की अनाम फिल्म में साई के साथ मुख्य किरदार में विजय सेतुपति नजर आएंगे।
हाल ही में अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कोलकाता यात्रा का वीडियो साझा करके फैंस के बीच उत्साह जगा दिया।
बताया जा रहा है कि साई और विजय शूटिंग के लिए शहर में पहुंचे हैं। हालांकि पहले उन्होंने चेन्नई में कलाकारों के साथ कई कार्यशालाओं में भाग लिया था।
इससे पहले फिल्म की शूटिंग जून में होने की खबर भी आई थी।
परियोजना
फिल्म के OTT अधिकार पर भी आया अपडेट
टाइम्स नाउ के मुताबिक, फिल्म को रिलीज से पहले ही बड़ा डिजिटल सौदा मिल चुका है।
नेटफ्लिक्स ने करीब 20 करोड़ रुपये में स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल किए हैं, जिससे यह किसी तमिल फिल्म के लिए अब तक के सबसे बड़े प्री-प्रोडक्शन OTT सौदों में से एक बन गया है।
फिल्म में संगीत एआर रहमान देंगे, जो 'रोजा', 'बॉम्बे' और 'ठग ऑफ लाइफ' जैसी क्लासिक फिल्मों के बाद मणिरत्नम के साथ उनका एक और बड़ा सहयोग होने जा रहा है।