सब्यसाची मुखर्जी ने द मेट के साथ कला के लिए की साझेदारी, जानिए क्या होगा खास?
सब्यसाची मुखर्जी ने मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट (द मेट) के साथ कई सालों की साझेदारी की है। इस साझेदारी का पहला कलेक्शन, जो बीजान्टिन साम्राज्य से प्रेरित है, 15 सितंबर को न्यूयॉर्क फैशन वीक में पेश किया जाएगा।
इस कलेक्शन में मिस्र, ग्रीस, फारस, रोम और सिल्क रूट की प्राचीन संस्कृतियों का प्रभाव देखने को मिलेगा, जिसे सब्यसाची ने अपने खास अंदाज में नया रूप दिया है।
ये कलेक्शन सब्यसाची के कारीगरों द्वारा हिंदुस्तान में बनाया गया
इस कलेक्शन का हर टुकड़ा भारत में सब्यसाची के कारीगरों द्वारा हाथ से बनाया जाएगा। इन डिजाइनों में शाही पदकों और धार्मिक प्रतीकों जैसे खास पैटर्न शामिल होंगे।
सब्यसाची का कहना है कि यह साझेदारी दुनिया के महान कला संग्रहों में से एक के साथ जुड़ने और सदियों पुरानी रचनात्मकता को आज के दौर के डिजाइन में फिर से गढ़ने का एक शानदार मौका है।
वहीं, द मेट का मकसद इतिहास को मौजूदा समय से जोड़ना बताया गया है। ये खास कलेक्शन सब्यसाची के न्यूयॉर्क स्टोर और दुनिया भर के चुनिंदा रिटेलर्स पर उपलब्ध होंगे।
इसके अलावा, द मेट से प्रेरित कई और कलेक्शन भी भविष्य में लाए जाएंगे।