सबा आजाद अस्पताल में भर्ती, खतरनाक इंफेक्शन से जूझ रहीं अभिनेत्री का सहारा बने ऋतिक रोशन
क्या है खबर?
ऋतिक रोशन की गर्लफ्रेंड और मशहूर गायिका-अभिनेत्री सबा आजाद को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। सबा को 'साइक्लोस्पोरा कैयटेनेसिस' नाम के एक दुर्लभ और गंभीर परजीवी संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुश्किल की इस घड़ी में ऋतिक रोशन लगातार उनके साथ बने हुए हैं और उनका हौसला बढ़ा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबा की हालत अब स्थिर है, लेकिन सेहत में सुधार के लिए डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
संघर्ष
'सबसे बुरे दिन' कहकर सबा ने साझा की अपनी लड़ाई
सबा को 'साइक्लोस्पोरा कैयटेनेसिस' नाम के परजीवी संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वो अस्पताल के बिस्तर पर काफी कमजोर और दुबली नजर आ रही हैं। सबा ने अपनी आपबीती बताते हुए इसे अपनी जिंदगी के 'सबसे बुरे 14 दिन' करार दिया। साथ ही उन्होंने प्रशंसकों को आश्वस्त किया कि ऋतिक रोशन लगातार उनके साथ बने हुए हैं और उनका हौसला बढ़ा रहे हैं।
मुश्किल वक्त
मुश्किल से चल पा रही हूं- सबा
सबा ने लिखा, 'मेरी जिंदगी के सबसे बुरे 14 दिन। साइक्लोस्पोरा कैयटेनेसिस तुम बहुत खतरनाक हो। मुझ जैसी इंसान, जो हमेशा घर का खाना खाती है और अपनी पानी की बोतल साथ रखती है, उसे ये संक्रमण पता नहीं कहां से हो गया, वो भी साल के सबसे व्यस्त समय में। इन 2 हफ्तों में मैंने 4 किलो वजन घटा दिया है, जिसे खोने की गुंजाइश मुझमें बिल्कुल नहीं थी। हालत ये है कि मैं चल तक नहीं पा रही।'
स्थिति
सबा की एक टूथपिक उठाने तक ताकत नहीं बची
सबा ने लिखा, 'एक दिन मैं दिन में 2 बार ट्रेनिंग कर रही थी, भारी वजन उठा रही थी और अगले ही दिन मैं अपनी आधी रह गई। मुझमें वजन तो दूर, एक टूथपिक उठाने तक की ताकत नहीं बची, इसलिए अपनी सेहत की खातिर, अपनी सलाद की पत्तियों और सब्जियों को ऐसे धोएं जैसे आपकी जिंदगी इसी पर टिकी हो, क्योंकि कभी-कभार वाकई ऐसा ही होता है। हम अब बेकिंग सोडा और 'वेजी वॉश' का इस्तेमाल कर रहे हैं।'
हमदर्द
मुश्किल घड़ी में ऋतिक रोशन बने सबा का सहारा
सबा ने अपने नोट के आखिर में ऋतिक का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि वो हर पल उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने लिखा, 'ऋतिक ने मेरे इस चिड़चिड़ेपन के बीच भी मेरा हौसला बढ़ाए रखा। वो हमेशा सबसे खराब स्थितियों में भी हंसी-मजाक ढूंढ ही लेते हैं। मैं उतनी भी नहीं दुबली हुई हूं, जितनी इस फोटो में लग रही हूं।' बता दें कि ऋतिक और सबा साल 2022 से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं।