क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड: 'RRR' के 'नाटू नाटू..' ने फिर जीता पुरस्कार
क्या है खबर?
एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' ने सोमवार की सुबह प्रशंसकों को फिर खुशखबरी दी है।
28वें क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स में एक बार फिर से गाना 'नाटू-नाटू' का जलवा देखने को मिला। यहां गाने को बेस्ट म्यूजिक/स्कोर श्रेणी के लिए अवॉर्ड दिया गया है।
इससे पहले इस गाने ने गोल्डन ग्लोब पुरस्कार अपने नाम किया था और अब इसने सफलता की फिर नई इबारत लिख दी है।
सोशल मीडिया पर फिल्म की टीम को लोग खूब बधाइयां दे रहे हैं।
मीडिया
अवॉर्ड के बाद मीडिया से मुखातिब हुए कीरवानी
क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड में फिल्म पांच श्रेणियों में नॉमिनेट हुई थी।
यहां फिल्म को बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट फॉरेन लैंगवेज फिल्म, बेस्ट विजुअल अफेक्ट और बेस्ट सॉन्ग (नाटू-नाटू) के लिए नॉमिनेट किया गया था।
समारोह के बाद राजामौली ट्रॉफी के साथ पोज देते नजर आए।
संगीतकार एमएम कीरवानी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अमेरिकी संगीतकार जॉन विलियम के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने संगीत में सादगी रखना उनसे ही सीखा है।
गोल्डन ग्लोब
गोल्डन ग्लोब जीतकर रचा था इतिहास
पिछले हफ्ते ही 'नाटू-नाटू' के लिए कीरवानी ने गोल्डन ग्लोब पुरस्कार जीता था।
इस गाने को बेस्ट ऑरिजिनल सॉन्ग की श्रेणी में गोल्डन ग्लोब पुरस्कार दिया गया था।
'नाटू-नाटू' गोल्डन ग्लोब जीतने वाला पहला एशियाई गाना बन गया है।
इस जीत के बाद हर तरफ कीरवानी की चर्चा थी। प्रशंसकों के साथ ही देश-विदेश की कई मशहूर हस्तियों ने उन्हें बधाई दी थी।
प्रधानमंत्री मोदी से शाहरुख खान समेत कई जानेमाने लोगों ने RRR की टीम को बधाई दी थी।
लोकप्रियता
यूट्यबू पर 'नाटू नाटू' को मिल चुके हैं 20 करोड़ से ज्यादा व्यूज
'नाटू नाटू' ने रिलीज होते ही धूम मचा दी थी। कई हस्तियां इसमें जूनियर एनटीआर और राम चरण के डांस स्टेप्स कॉपी कर वीडियो बना चुकी हैं। यूट्यब पर इसे 20 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
मूल रूप से तेलुगु भाषा में बने इस गाने को एमएम कीरवानी ने कंपोज किया है। चंद्रबोस ने इसके बोल लिखे हैं। राहुल सिप्लीगुंज और काला भैरवा ने इसे अपनी आवाज दी है।
10 नवंबर, 2021 को यह गाना रिलीज हुआ था।
अन्य पुरस्कार
अब ऑस्कर और BAFTA पर फिल्म की नजरें
'RRR' ऑस्कर और BAFTA जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों की रेस में भी शामिल है।
ऑस्कर के लिए फिल्म के गाने 'नाटू-नाटू' को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
लगातार इतिहास रच रही इस फिल्म की नजरें अब इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों पर है।
'RRR' को अटलांटा फिल्म क्रिटिक्स सर्कल द्वारा 'बेस्ट इंटरनेशनल पिक्चर' से सम्मानित किया गया है। 'RRR' 'सैटर्न अवॉर्ड्स 2022' में 'बेस्ट इंटरनेशनल फिल्म' का अवॉर्ड जीत चुकी है। रविवार को ही LA क्रिटिक्स सर्कल ने भी कीरवानी को पुरस्कार दिया था।