NBR की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में शामिल हुई 'RRR', बढ़ी ऑस्कर जीतने की संभावना
क्या है खबर?
एसएस राजामौली की ऐतिहासिक महाकाव्य फिल्म 'RRR' पूरी दुनिया में डंका बजा रही है।
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई करने के बाद अब यह फिल्म दुनियाभर के अवॉर्ड्स अपने नाम करती जा रही है।
हॉलीवुड क्रिटिक्स एसोसिएशन अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए नामांकित होने के बाद अब फिल्म को राष्ट्रीय समीक्षा बोर्ड (NBR) द्वारा वर्ष की 10 सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से एक के रूप में नामित किया गया है।
जानकारी
ऐसे बढ़ी ऑस्कर जीतने की संभावना
NBR की टॉप-10 सूची में नामित होने के बाद 'RRR' के ऑस्कर जीतने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
दलअसल, NBR न्यूयॉर्क में फिल्म जगत के जानकार लोगों का एक संगठन है। इस संगठन के 100 से अधिक सदस्य दुनियाभर में रिलीज हुई फिल्मों में से 10 सर्वश्रेष्ठ फिल्म का चयन करते हैं।
कहा जाता है कि NBR की टॉप-10 सूची में शामिल होने वाली फिल्मों का नाम ऑस्कर विजेताओं की सूची में जरूर शामिल होता है।
जानकारी
ये है NBR की टॉप-10 फिल्मों की सूची
1. टॉप गन: मेवरिक 2. आफ्टर सन 3. अवतार: द वे ऑफ वॉटर 4. द बंशी ऑफ इनिशरिन 5. एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स 6. द फैबेलमैन्स 7. ग्लास ओनियन: ए नाइफ्स आउट मिस्ट्री 8. RRR 9. टिल 10. द वूमेन किंग वूमेन टॉकिंग
जानकारी
ऐसे ऑस्कर की रेस में शामिल हुई 'RRR'
साल 2022 की ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित होने के बावजूद 'RRR' को भारत की ओर से आधिकारिक रूप से ऑस्कर के लिए नहीं भेजा गया।
दर्शकों की मांग और फिल्म को मिल रही सफलता को देखते हुए फिल्म निर्माताओं ने 'RRR' को स्वतंत्र रूप से ऑस्कर की दावेदारी के लिए भेजा।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (जूनियर NTR और राम चरण) समेत कुल 14 श्रेणियों के लिए फॉर योर कंसिडरेशन (FYC) कैंपेन के तहत ऑस्कर में भेजा गया है।
बॉक्स ऑफिस
'RRR' ने पार किया 1,000 करोड़ का आंकड़ा
सैकनिल्क के डाटा के हिसाब से RRR ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 903.68 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं विदेशों में फिल्म ने कुल 221.32 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
तेलुगू में फिल्म ने 428.27 करोड़, हिंदी में 265.42 करोड़, तमिल में 58.48 करोड़, मलयालम में 18.41 करोड़ और कन्नड़ में 1.52 करोड़ रुपये की कमाई की है।
इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 1,125 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा है।
जानकारी
'RRR' ने अपने नाम किए ये अवॉर्ड्स
फिल्म को अटलांटा फिल्म क्रिटिक्स सर्कल (AFCC) द्वारा 'बेस्ट इंटरनेशनल पिक्चर' के रूप में सम्मानित किया गया है।
राजामौली को न्यूयॉर्क फिल्म क्रिटिक्स सर्कल की तरफ से सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया।
फिल्म की कास्ट और क्रू को SCA स्पॉटलाइट अवॉर्ड का सम्मान भी मिल चुका है।
'RRR', 'सैटर्न अवॉर्ड्स 2022' में 'बेस्ट इंटरनेशनल फिल्म' का अवॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी है।
फिल्म ने हाल ही में हुए फिलाडेल्फिया फिल्म फेस्टिवल में 'नैरेटिव ऑडियंस अवार्ड' भी जीता था।
जानकारी
शुरू हुई 'RRR 2' की तैयारी
राजामौली ने शिकागो में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान 'RRR' के दूसरे पार्ट की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उनके पिता केवी विजयेंद्र प्रसाद दूसरे पार्ट की कहानी पर काम शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा, "मेरे पिता, मेरी सभी फिल्मों के कहानीकार हैं। हमने फिल्म 'RRR 2' को लेकर थोड़ी-बहुत चर्चा की है और वह इसकी कहानी पर काम कर रहे हैं।"
बता दें कि विजयेंद्र ने ही राजामौली की 'बाहुबली' के दोनों पार्ट की कहानी लिखी थी।