'RRR' 2022 की बेहतरीन फिल्मों की इस ग्लोबल सूची में 9वें स्थान पर
क्या है खबर?
एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' का दुनियाभर में अब तक डंका बज रहा है। एक तरफ जहां फिल्म कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है, वहीं इसकी गिनती साल की बेहतरीन फिल्मों में भी हो रही है।
अब फिल्म ने साल की बेहतरीन फिल्मों की एक ग्लोबल सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। टॉप-50 फिल्मों की इस सूची में फिल्म को नौवां स्थान मिला है।
इस सूची में शौनक सेन की डॉक्युमेंटरी 'ऑल दैट ब्रीद्स' भी शामिल है।
ग्लोबल सूची
'साइट ऐंड साउंड' मैगजीन की लिस्ट में मिला स्थान
UK की मशहूर साइट ऐंड साउंड मैगजीन की 2022 की टॉप-50 फिल्मों की सूची में राम चरण और जूनियर NTR की फिल्म 'RRR' नौवें स्थान पर है।
शौनिक सेन की डॉक्युमेंटरी 'ऑल दैट ब्रीद्स' इस सूची में 32वें स्थान पर है। इस डॉक्युमेंटरी के लिए शौनक ने कान फिल्म फेस्टिवल में गोल्डन आई अवॉर्ड जीता था।
इस सूची में पहला स्थान अमेरिकी फिल्म 'आफ्टरसन' का है। निर्देशक शार्लट वेल्स की यह फिल्म एक पिता और बेटी पर आधारित है।
फिल्म
ऐसी है 'RRR' फिल्म की कहानी
24 मार्च, 2022 को रिलीज हुई 'RRR' 1920 के दशक में दो भारतीय क्रांतिकारियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम पर आधारित है।
राजामौली की यह फिल्म तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषा में रिलीज हुई थी।
फिल्म में आलिया भट्ट और अजय देवगन ने कैमियो किया है।
फिल्म को भारत की ओर से ऑस्कर के लिए आधिकारिक रूप से नहीं भेजे जाने के बाद राजामौली ने इसके लिए ऑस्कर के लिए कैंपेन भी शुरू किया था।
प्रतिष्ठा
प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कारों के लिए हो चुकी है नामांकित
बीते दिनों यह फिल्म कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार समारोहों में सुर्खियों में रही।
प्रतिष्ठित गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड में फिल्म को दो श्रेणियों में नामांकित किया गया। यहां फिल्म को बेस्ट नॉन इंग्लिश लैंग्वेज और 'नाटू-नाटू' गाने के लिए बेस्ट ऑरिजिनल गाने के लिए नामांकित किया गया था।
इसके बाद क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड में पांच श्रेणियों में फिल्म को नामांकित किया गया।
इसे बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट विदेशी भाषा फिल्म, बेस्ट विजुअल एफेक्ट और बेस्ट सॉन्ग के लिए नामांकित किया गया।
पुरस्कार
मिल चुके हैं कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार
'RRR' को अटलांटा फिल्म क्रिटिक्स सर्कल द्वारा 'बेस्ट इंटरनेशनल पिक्चर' के रूप में सम्मानित किया गया है।
'सैटर्न अवॉर्ड्स 2022' में 'बेस्ट इंटरनेशनल फिल्म' का अवॉर्ड भी यह अपने नाम कर चुकी है। इसने फिलाडेल्फिया फिल्म फेस्टिवल में 'नैरेटिव ऑडियंस अवार्ड' भी जीता था।
एसएस राजामौली को इसके लिए न्यूयॉर्क फिल्म क्रिटिक्स सर्कल की तरफ से सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के पुरस्कार से नवाजा गया।
'RRR' 1,000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने वाली तीसरी भारतीय फिल्म भी है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
रिपोर्ट्स के अनुसार 'RRR' की सफलता से गदगद राजामौली अब पैन वर्ल्ड फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं। इस फिल्म में महेश बाबू के होने की चर्चा है। बड़े स्तर की इस फिल्म को दुनियाभर में अलग-अलग भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।