रोहित शेट्टी को फिर मिली धमकी, कॉल करने वाले ने मांगी 20 करोड़ रुपये की फिरौती
क्या है खबर?
बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अनजान शख्स ने फोन करके रोहित शेट्टी को डराया-धमकाया है और उनसे 20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम की मांग की है। हालांकि, फोन पर क्या बात हुई, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मुंबई पुलिस फिलहाल कॉल डिटेल और लोकेशन को ट्रेस कर कॉलर की पहचान करने में जुटी है।
जांच
जांच में जुटी पुलिस, बिश्नोई गैंग पर गहराया शक
रोहित को मिली नई धमकी के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। फोन करने वाले की पहचान अभी नहीं हो सकी है, लेकिन अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इसके पीछे कहीं बिश्नोई गैंग का हाथ तो नहीं है। इससे पहले कुछ महीने पहले रोहित के घर पर हुई फायरिंग मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों का नाम सामने आया था। उस मामले में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गोलीबारी
जुहू बंगले पर फायरिंग के बाद अब रोहित को नई धमकी
इस साल 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरमियानी रात रोहित के जुहू स्थित नौ मंजिला बंगले पर बदमाशों ने 5 राउंड फायरिंग की थी। एक गोली जिम के शीशे पर लगी, लेकिन इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ। इस मामले में पुलिस उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुरानी घटना के बाद अब नई धमकी ने एक बार फिर रोहित की सुरक्षा और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।