ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'द प्राइड ऑफ भारत' में लगा हॉलीवुड तड़का, दमदार एक्शन की तैयारी
क्या है खबर?
कन्नड़ सिनेमा के अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी अपनी अगली फिल्म 'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' को लेकर चर्चा में हैं। 'कांतारा चैप्टर 1' की जबरदस्त सफलता के बाद फैंस इस परियोजना का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस ऐतिहासिक ड्रामा में शेट्टी को मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभाते देखा जाएगा। खबर है कि फिल्म का दायरा बढ़ाने के लिए हॉलीवुड के एक्शन निर्देशकों की टीम शामिल हुई है, जो बड़ी जिम्मेदारी उठाएगी।
परियोजना
'द प्राइड ऑफ भारत' में अंतरराष्ट्रीय स्टंट टीम शामिल
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, शेट्टी ने अपनी फिल्म के लिए एक्शन निर्देशक मार्क हेंसन को चुना है। उन्हें एक्शन सीक्वेंस डिजाइन करने की जिम्मेदारी दी गई है।
मार्क को 'गेम ऑफ थ्रोन्स', 'वाइकिंग्स', 'द विचर' और 'ग्रेविटी' जैसी फिल्मों से लोकप्रियता मिली है।
उनके साथ व्लाद रिम्बर्ग भी जुड़ेंगे, जो 'द फेट ऑफ द फ्यूरियस', 'ब्लडशॉट' और 'लूसिफर' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
वहीं 'ट्रॉय: फॉल ऑफ अ सिटी' के एक्शन निर्देशक क्रेग मैक्रे भी परियोजना से जुड़ेंगे।
रिलीज
2 भागों में बनकर तैयार होगी 'द प्राइड ऑफ भारत'
'द प्राइड ऑफ भारत' का पहला भाग 2028 में और दूसरा भाग 2029 में रिलीज हो सकता है।
निर्देशन की कमान संदीप सिंह ने उठाई है, जिन्हें 'मैरी कॉम' और 'सरबजीत' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
फिल्म का कुल बजट 500 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है और ज्यादातर शूटिंग महाराष्ट्र में होने की उम्मीद है।
खलनायक का किरदार अर्जुन रामपाल निभाएंगे, जबकि शेफाली शाह को छत्रपति की मां राजमाता जीजाबाई के रूप में देखा जाएगा।