Page Loader
अब ऋचा चड्ढा ने लगाई इंडिगो की लताड़, उड़ानों में देरी से ये हस्तियां भी परेशान
इंडिगो पर भड़कीं ऋचा चड्ढा (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@therichachadha)

अब ऋचा चड्ढा ने लगाई इंडिगो की लताड़, उड़ानों में देरी से ये हस्तियां भी परेशान

Jan 17, 2024
01:28 pm

क्या है खबर?

इन दिनों उड़ानों में देरी और एयरलाइंस की खराब व्यवस्था सुर्खियों में है। उड़ानों में हो रही देरी का कारण उत्तर भारत में पड़ रहे घने कोहरे को माना जा रहा है। बीते दिनों सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए, जिसमें यात्री एयरपोर्ट पर फंसे नजर आ रहे हैं। आम लोग ही नहीं, फिल्मी हस्तियां भी इससे खूब परेशान हुईं। अब अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने सोशल मीडिया पर इंडिगो एयरलाइंस को लताड़ लगाई है।

परेशानी

3 दिन से परेशान ऋचा

ऋचा ने एक्स पर बताया कि 3 दिन में उनकी तीसरी उड़ान है। पहले दिन उनकी उड़ान में 4 घंटे से ज्यादा देरी हुई थी, दूसरे दिन उड़ान में 4 घंटे की देरी थी, तीसरे दिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान है और सबकुछ ठीक है। ऋचा ने बताया कि ये सभी उड़ानें इंडिगो की थीं। उन्होंने कहा कि कुछ रूट पर सीधी उड़ानें सिर्फ इंडिगो की ही होती हैं। उन्होंने एयरलाइंस के एकाधिकार पर सवाल खड़े किए।

बयान

एकाधिकार से खत्म हो जाती है जवाबदेही- ऋचा

कुछ दिन पहले एक यात्री द्वारा इंडिगो के पायलट को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया था। ऋचा ने कहा कि वह हिंसा की समर्थक नहीं हैं, लेकिन उन्हें हैरानी है कि ऐसा एक ही मामला कैसे आया क्योंकि लोग बहुत गुस्से में हैं। उन्होंने कहा, 'चाहे एयरलाइंस हो या नेतृत्व हो, एकाधिकार से जवाबदेही खत्म हो जाती है। आम लोग परेशान होते हैं और कोई कार्रवाई भी नहीं होती है।'

ट्विटर पोस्ट

इंडिगो पर भड़कीं ऋचा चड्ढा

रणवीर शौरी 

रणवीर शौरी ने की थी प्रताड़ना की बात

कुछ दिन पहले अभिनेता रणवीर शौरी ने भी उड़ान में देरी और इंडिगो स्टाफ की लापरवाही की बात बताई थी और मानसिक प्रताड़ना के लिए उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करने की भी बात की थी। रणवीर ने बताया था कि दोपहर 2 बजे की फ्लाइट रात को 10 बजे के बाद आई थी। इस दौरान इंडिगो का कोई भी स्टाफ उन्हें ठीक जानकारी नहीं दे रहा था। उन्हें अपने बच्चे के पास पहुंचना था, इसलिए वह असहाय महसूस करते रहे।

राधिका आप्टे 

एयरोब्रिज में 2 घंटे फंसी थीं राधिका आप्टे

राधिका आप्टे ने भी सोशल मीडिया पर बताया था कि वह और उनके साथ अन्य यात्री 2 घंटे तक एयरोब्रिज (फ्लाइट तक पहुंचाने वाला सुरंज जैसा रास्ता) में फंसी रही थीं। कोई भी नहीं बता रहा था कि फ्लाइट कब आएगी और उन्हें कब जहाज में बैठाया कराया जाएगा। 2 घंटे तक यात्री बिना पानी और प्रसाधन की व्यवस्था के वहीं फंसे रहे थे। हालांकि, राधिका ने किसी भी एयरलाइंस का नाम नहीं लिया था।