LOADING...
सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने के बाद अपने घर से गायब हैं रिया चक्रवर्ती!

सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने के बाद अपने घर से गायब हैं रिया चक्रवर्ती!

Jul 29, 2020
07:01 pm

क्या है खबर?

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद लगातार इस मामले में नए मोड़ आ रहे हैं। हाल ही में सुशांत के पिता केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना के राजीव नगर के पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करवाई है। इसके बाद अब रिया ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। आज रिया के वकील सतीश मानेशिंदे ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। इसमें उन्होंने सुशांत केस की जांच मुंबई में ट्रांसफर करने की मांग की है।

रिपोर्ट्स

घर से गायब हैं रिया चक्रवर्ती

सुशांत के पिता की FIR के बाद पटना से चार पुलिस ऑफिसर केस की जांच-पड़ताल के लिए मुंबई पहुंचे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार मंगलवार को वह रिया के घर पहुंचे, लेकिन अभिनेत्री अपने घर पर नहीं मिलीं। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह अग्रिम जमानत दायर करने का सोच रही हैं, या हो सकता उनके वकील ने ऐसा करने के लिए कहा हो। आज इन ऑफिसर्स की टीम ने मुंबई पुलिस कमिशनर, क्राइम ब्रांच और CID से मुलाकात की।

मांग

सुशांत के पिता ने पटना में जांच करने की मांग की थी

सुशांत के पिता ने 27 जुलाई को राजीव नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करवाई थी। इसमें उन्होंने कहा था कि वह पटना में अकेले और बीमार रहते हैं इसलिए वह मामले की जांच पटना में करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद इस मामले को लेकर पटना के SSP ने बताया था कि विशेष परिस्थितियों में यह मामला दर्ज करवाया गया है। इस FIR को क्लासीफाइड श्रेणी में रखा गया है और अब कोर्ट में भेजा दिया जाएगा।

आरोप

सुशांत के पिता ने रिया पर लगाए गंभीर आरोप

छह पन्नों की FIR में सुशांत के पिता ने रिया पर आरोप लगाया कि वह सुशांत को परिवार से दूर रखती थी। उन्होंने IPC की धारा 341, 342, 280, 420, 406, 420 और 306 के तहत मामला दर्ज करवाया। सुशांत के परिजनों ने कहा कि अभिनेता को आत्महत्या के लिए उकसाया, उन्हें प्रताड़ित किया गया और उनके साथ धोखाधड़ी हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक सुशांत के पिता का कहना है उन्हें मुंबई पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है।

जांच

मुंबई पुलिस कर रही है बारीकी से जांच

बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। वह सिर्फ 34 साल के थे। रिपोर्ट्स के अनुसार सुशांत पिछले छह महीनों से डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे। मुंबई पुलिस इस आत्महत्या का मामला बता चुकी है। हालांकि, पुलिस इस मामले पर बारीकी से जांच कर रही है और अब तक करीब 40 लोगों से पूछताछ कर चुकी है।