रणवीर, दीपिका और प्रियंका चाेपड़ा पर भी चिल्लाते हैं भंसाली; रजा मुराद ने सब बता दिया
क्या है खबर?
निर्देशक संजय लीला भंसाली के सेट पर गुस्सा करने की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। अब दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने इस बारे में खुलकर बात की है। विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि संजय का मिजाज कैसा है और वो तकनीशियनों पर क्यों नाराज हो जाते हैं। रजा ने कहा कि जब संजय बार-बार अपनी बात दूसरों को समझा नहीं पाते तो उनका गुस्सा बढ़ जाता है।
बातचीत
ऐसा है भंसाली का गुस्सा
रजा ने कहा, "ऐसा नहीं है कि वो शुरू से ही गुस्से में रहते हैं और हां हर इंसान का अपना स्वभाव होता है। वह गुस्सा व्यक्तिगत नहीं होता, यह काम से जुड़ा हुआ होता है, क्योंकि काम ठीक से नहीं हो रहा होता है, इसलिए अगर उन्हें गुस्सा आता है तो ठीक है। ऐसा भी नहीं है कि वो सिर्फ अपने सहायकों पर ही गुस्सा करते हैं।"
गुस्सा
भंसाली के सेट पर सितारों की भी नहीं चलती
रजा ने आगे कहा, "मैंने उन्हें रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा पर भी चिल्लाते हुए देखा है, क्योंकि निर्देशक चाहते हैं कि काम उनके तरीके से हो। उन्हें जो चाहिए, वो चाहिए ही। समय, शिफ्ट, पैसा, सेट या तारीखें उनके लिए ज्यादा मायने नहीं रखतीं। अगर 4 दिन की जगह 8 दिन भी लग जाएं तो भी ठीक है और जब वो सेट पर होते हैं तो पूरी तरह काम पर ध्यान देते हैं।"