Loading...
रवि किशन के हाथ लगी मुख्य किरदार वाली हिंदी फिल्म, भक्तिमय ड्रामा से होगी भरपूर
रवि किशन की नई एकल फिल्म पर आया अपडेट

रवि किशन के हाथ लगी मुख्य किरदार वाली हिंदी फिल्म, भक्तिमय ड्रामा से होगी भरपूर

Sep 29, 2026
12:17 pm

क्या है खबर?

भोजपुरी सिनेमा से बॉलीवुड तक अपने अभिनय का परचम लहरा चुके रवि किशन फिर चर्चा में हैं। उन्होंने 'मिर्जापुर: द मूवी', 'मामला लीगल है' और 'लापता लेडीज' जैसी हिंदी फिल्मों-सीरीज से दर्शकों का दिल जीता और अब उन्हें एक रोमांचक परियोजना मिल गई है। बताया जा रहा है कि यह एक भक्तिमय ड्रामा होगी, जिसका निर्माण महावीर जैन फिल्म्स द्वारा किया जाएगा। फिल्म में रवि एकल मुख्य किरदार निभाते दिखेंगे और इसका निर्देशन व लेखन अमित आर्यन कर रहे हैं।

परियोजना

अध्यात्मिक फिल्म में मुख्य किरदार निभाएंगे रवि

बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, परियोजना पर बात करते हुए सूत्र ने कहा, "यह उन चुनिंदा हिंदी फिल्मों में से एक होगी जिसमें रवि किशन अकेले मुख्य अभिनेता होंगे और पूरी फिल्म का भार अपने कंधों पर उठाएंगे। निर्माताओं को पूरा विश्वास था कि रवि के पास इस भूमिका के लिए आवश्यक प्रतिभा, लोकप्रियता और व्यक्तित्व है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह किरदार में पूरी तरह फिट बैठते हैं।"

सूत्र ने बताया कि अभिनेता परियोजना को लेकर उत्साहित हैं।

शूटिंग

ईश्वर के प्रति गहरी भक्ति पर आधारित होगी फिल्म

सूत्र ने आगे बताया कि फिल्म की कहानी एक व्यक्ति और ईश्वर के प्रति उसकी गहरी भक्ति पर आधारित होगी। इसे एक साफ-सुथरी और मनोरंजक फिल्म के रूप में बनाया जा रहा है, जिसे परिवार एक साथ देख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि फिल्म का मूल तत्व आध्यात्मिकता और भक्ति है, लेकिन इसमें हास्य, गहरी भावनाएं और भरपूर ड्रामा भी होगा। इसकी शूटिंग जनवरी, 2026 से शुरू होगी और फिल्म का शीर्षक तय होना अभी बाकी है।

ADVERTISEMENT