रवि किशन ने याद किया संघर्ष का दौर, बताया कैसे भोजपुरी सिनेमा ने संभाला उनका करियर
क्या है खबर?
'कॉफी विद करण' सीजन 9 में अक्षय कुमार और रवि किशन खास महमान बनकर शामिल हुए। इस दौरान रवि ने एक बेहद मुश्किल दौर का जिक्र किया, जब 'तेरे नाम' फिल्म में सलमान खान के साथ काम करने के बावजूद, उन्हें हिंदी सिनेमा में काम पाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। जब उन्हें कोई काम नहीं मिल रहा था और पैसों की तंगी होने लगी, तो आखिरकार उन्होंने एक भोजपुरी फिल्म में काम करना स्वीकार कर लिया।
फिल्म
रवि को ऐसे मिला था भोजपुरी फिल्मों का ऑफर
रवि ने कहा, "मैं काम ढूंढते-ढूंढते थक गया था। एक दिन, मुझे जाने-माने भोजपुरी निर्माता मोहन प्रसाद का फोन आया। उन्होंने बताया कि एक फिल्म है, जो वह चाहते हैं कि मैं करूं। मैंने अपनी मां से पूछा, 'एक भोजपुरी फिल्म है, क्या मुझे यह करनी चाहिए?' मैं थोड़ा हिचकिचा रहा था क्योंकि उस इंडस्ट्री मैंने कोई फिल्में नहीं देखी थीं। वह लगभग बंद ही हो चुकी थी।"
बात
रवि ने मां के कहने पर की थी भोजपुरी सिनेमा में एंट्री
रवि ने आगे कहा, "भोजपुरी सिनेमा से सामने आने वाले आखिरी सुपरस्टार सुजीत कुमार थे। मेरी मां ने मुझसे कहा कि मुझे आगे बढ़कर यह फिल्म कर लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कुछ और न भी हुआ, तो कम से कम हमारे गांव के लोग मुझे देख तो पाएंगे। मैंने वह फिल्म की और वह एक कल्ट हिट बन गई। इससे एक पूरी इंडस्ट्री को फिर से खड़ा करने में भी मदद मिली।"
मौका
रवि को ऐसे मिला कुछ अलग करने का मौका
रवि कहते हैं, "हिंदी सिनेमा में काम करते हुए मैंने जो कुछ भी सीखा था, उसे मैंने भोजपुरी फिल्मों में लगा दिया। उस समय, हिंदी सिनेमा पश्चिम की ओर देख रहा था और ऐसी फिल्में बनाने की कोशिश कर रहा था जिनका अंदाज थोड़ा अंतरराष्ट्रिय हो। इससे मुझे कुछ अलग करने का मौका मिल गया। जहां हिंदी सिनेमा में लोग पिज्जा और बर्गर बना रहे थे, वहीं मैंने भोजपुरी फिल्मों में 'लिट्टी-चोखा' परोसने का फैसला किया।"
सहमत
अक्षय हुए रवि के इस नजरिए से सहमत
रवि आगे कहते हैं, "यह मेरे लिए काम कर गया और मेरी फिल्में अच्छा प्रदर्शन करने लगीं। मैं लगातार काम कर रहा था, एक दिन में 3-4 शिफ्ट तक करता था।"
रवि का सफर सुनकर, अक्षय उनके इस नजरिए से सहमत हुए कि सही मौके का इंतजार करने के बजाय काम करते रहना चाहिए।
उन्होंने रवि के करियर का उदाहरण देते हुए बताया कि लगातार मेहनत करने से क्या हासिल किया जा सकता है।
काम
रवि कर चुके हैं इन फिल्मों में काम
अक्षय ने कहा, "मैं भी बिल्कुल यही कहना चाहता हूं। फिल्में बनाते रहिए। 2-3 फिल्में कीजिए। बस काम करते रहिए। देखिए, उन्होंने किस तरह से यह सब किया है।"
रवि मुख्यधारा की हिंदी फिल्मों और अन्य भाषाओं की फिल्मों के बीच काम करते हैं। हाल के वर्षों में, उन्हें 'लापता लेडीज' और नेटफ्लिक्स सीरीज 'मामला लीगल है' में देखा गया है।
उनकी हालिया फिल्मों में 'मां बहन', 'धमाल 4', 'पेड्डी', 'आर्यभट्ट का जीरो' और 'मिर्जापुर: द मूवी' शामिल हैं।