बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का कोहराम, 30 दिनों में 1,742 करोड़ कमाकर 'पुष्पा 2' के बराबर पहुंची फिल्म
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर एक बहुत बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। सिर्फ 30 दिनों में ही इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 1,742 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए 'पुष्पा: द रूल' की बराबरी कर ली है। यह कमाई भले ही बहुत शानदार है, लेकिन अब तक की सबसे बड़ी फिल्में जैसे 'दंगल' और 'बाहुबली 2' के रिकॉर्ड अभी भी इससे काफी आगे हैं।
'धुरंधर 2' की साप्ताहिक कमाई में गिरावट, ‘भूत बंगला’ से कड़ी टक्कर
भारत में 'धुरंधर 2' ने लगभग पांच लाख शोज के जरिए 1,100 करोड़ से भी ज्यादा की कमाई की है। इसके अलावा, इसने विदेशों से भी लगभग 418 करोड़ हासिल किए हैं लेकिन फिल्म की साप्ताहिक कमाई में अब तेजी से गिरावट आ रही है। पहले हफ्ते में जिसने 674 करोड़ कमाए थे, वहीं चौथे हफ्ते तक इसकी कमाई गिरकर सिर्फ 55 करोड़ रह गई है। इसका एक कारण अक्षय कुमार की नई फिल्म 'भूत बंगला' से मिली कड़ी टक्कर भी है। अब और भी नई फिल्में रिलीज होने वाली हैं, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या 'धुरंधर 2' अपनी इस रफ्तार को बरकरार रख पाएगी।