LOADING...
रणवीर सिंह की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' अगले साल 28 अप्रैल को आएगी
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की नई रिलीज डेट जारी (फोटो: इंस्टाग्राम/@ranveersingh)

रणवीर सिंह की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' अगले साल 28 अप्रैल को आएगी

Nov 13, 2022
10:41 am

क्या है खबर?

अभिनेता रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की रोमांटिक फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की रिलीज डेट आगे खिसक गई है। अब यह फिल्म अगले साल 28 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इससे पहले इसकी रिलीज डेट 10 फरवरी तय की गई थी। फिल्ममेकर करण जौहर खुद इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। उन्होंने ही फिल्म की नई रिलीज डेट की घोषणा सोशल मीडिया पर की है।

इंस्टाग्राम पोस्ट

करण ने इंस्टाग्राम पर शेयर की जानकारी

करण ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर करते हुए इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने अपने नोट में लिखा, 'सात साल बाद मेरे लिए अपने पहले घर 'सिनेमाघर' में लौटने का समय आ गया है। मुझे अपनी फिल्म के सेट पर एक नहीं बल्कि कई नामी कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला। इसकी कहानी हमारी पारिवारिक परंपराओं की जड़ों तक गहराई तक पहुंचती है। फिल्म 28 अप्रैल, 2023 को सिनेमाघरों में आएगी।'

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए करण जौहर का पोस्ट

क्लैश

अगले साल अप्रैल में ये फिल्में भी होंगी रिलीज

अगले साल अप्रैल में बॉलीवुड की कई फिल्में दस्तक देने वाली हैं। इस लिहाज से करण की फिल्म को कड़ी टक्कर मिलने वाली है। अभिनेता शाहिद कपूर की 'बुल' 7 अप्रैल, 2023 को रिलीज होगी। इसी तारीख को वरुण धवन की 'बवाल' सिनेमाघरों में आ रही है। इसके अलावा दिग्गज अभिनेता सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' 21 अप्रैल को बड़े पर्दे पर आने वाली है।

कलाकार

फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार

फिल्म में रणवीर और आलिया भट्ट मुख्य भूमिकाओं में होंगे। इसमें दोनों एक-दूसरे के साथ रोमांस करते हुए नजर आएंगे। इसमें जहां रणवीर रॉकी का किरदार निभाएंगे, वहीं आलिया रानी की भूमिका में पर्दे पर दिखेंगी। फिल्म में धर्मेंद्र, जया बच्चन और शबाना आजमी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। जया, रणवीर की दादी की भूमिका में दिखेंगी। इसका संगीत प्रीतम ने दिया है, जबकि इसके लीरिक्स अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं।

वापसी

पांच साल बाद निर्देशन में वापसी करेंगे करण

इस फिल्म से करण पांच साल बाद निर्देशन में वापसी करेंगे। इससे पहले उन्होंने 2016 में आई रणबीर कपूर अभिनीत 'ऐ दिल है मुश्किल' का निर्देशन किया था। 1988 में आई 'मर्दों वाली बात' के बाद दूसरी बार शबाना और धर्मेंद्र भी फिल्म में साथ दिखेंगे। शबाना और धर्मेंद्र आलिया के दादा-दादी की भूमिका निभाएंगे। जया ने इससे पहले 'कभी खुशी कभी गम' और 'कल हो ना हो' में करण के साथ काम किया है।

जानकारी

करण जौहर की आगामी फिल्में

करण के खाते से कई फिल्में जुड़ी हैं। उनकी आने वाली फिल्मों में 'तख्त', 'मिस्टर ऐंड मिसेज माही' और 'स्क्रू ढीला' जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी हालिया फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' को अच्छी सफलता मिली थी।