रणवीर सिंह की 'धुरंधर' का जापान में हुआ बुरा हाल, पहले दिन मिली ठंडी ओपनिंग
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' पिछले साल 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी। इसने दुनियाभर में 1,354 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाते हुए तहलका मचा दिया। यह ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। कुछ ऐसी ही उम्मीद इसके जापान प्रदर्शन को लेकर भी निर्माताओं ने लगा रखी थी, जिस पर पानी फिर गया है। फिल्म को हाल ही में जापान में रिलीज किया गया था, जहां इसे बेहद ठंडी प्रतिक्रिया मिली। यहां भारी प्रचार का हथकंडा भी कुछ काम नहीं आया।
प्रदर्शन
बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन रहा बेहद बुरा हाल
भारत में करोड़ों रुपये कमाने के बावजूद, 'धुरंधर' पहले दिन 1,000 दर्शक भी नहीं जुटा सकी।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, इसे जापान के करीब 80 सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था, लेकिन ताबड़तोड़ प्रमोशन के बाद भी इसे देखने 900 से कम दर्शक पहुंचे।
इस तरह यह जापान में सबसे कमजोर ओपनिंग लेने वाली फिल्मों में से एक बन गई है।
बॉक्स ऑफिस पर ठंडी ओपनिंग के कारण इसे 'धुरंधर' निर्माताओं के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
फिल्म
ये फिल्में भी अपना जादू चलाने में रही थीं नाकाम
एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' ने भी जापान में पहले दिन कमाल नहीं दिखाया था, लेकिन धीरे-धीरे इसने एक वफादार दर्शक वर्ग बनाया और रिलीज के कुछ महीनों बाद सफल हो गई।
ऐसा ही कुछ प्रभास की फिल्म 'साहो' के साथ भी हुआ था।
दरअसल, जापान उन कुछ प्रमुख विदेशी बाजारों में से है, जहां फिल्मों का मूल्यांकन दर्शकों की प्रतिक्रिया के आधार पर होता है, उम्मीदों पर नहीं।
इसलिए, 'धुरंधर' की सफलता से उम्मीद हटाना जल्दबाजी हो सकती है।