रणवीर सिंह ने क्यों नहीं किया था 'धुरंधर' का प्रमोशन? अब हुआ खुलासा
क्या है खबर?
आदित्य धर और रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई और इसने कई रिकॉर्ड तोड़े। हालांकि, रिलीज से पहले फिल्म की मार्केटिंग को लेकर काफी आलोचना हुई थी। 'एवरीडे एम्पायर्स' पॉडकास्ट पर 'मैक्स मार्केटिंग' के संस्थापक वरुण गुप्ता ने बताया कि रणवीर ने फिल्म का प्रमोशन क्यों नहीं किया। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि रिलीज से पहले हो रही आलोचनाओं पर आदित्य धर की क्या प्रतिक्रिया थी।
सवाल
'धुरंधर' की मार्केटिंग पर उठ रहे थे सवाल
वरुण ने कहा कि भले ही अब इस फिल्म को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, लेकिन रिलीज से पहले टीम को आलोचना का सामना करना पड़ा था, क्योंकि लोग इसकी मार्केटिंग पर सवाल उठा रहे थे।
वरुण ने कहा, "कई बार ऐसे लेख आते थे जिनमें कहा जाता था कि प्रमोशन खराब है और कोई चर्चा नहीं है। आदित्य बस वे लेख मुझे भेज देते थे और कहते थे, 'सब ठीक है।' कोई सवाल नहीं पूछा जाता था।"
भरोसा
आदित्य ने किया था वरुण पर भरोसा
वरुण ने आगे कहा, "इस तरह का भरोसा आपको उनके लिए कुछ भी करने के लिए प्रेरित करता है। आप उनके योद्धा बन जाते हैं। मुझे खुशी है कि फिल्म सफल रही क्योंकि हर किसी ने इसमें बहुत मेहनत की है, लेकिन आदित्य और विशेष रूप से रणवीर ने, एक निर्देशक और एक अभिनेता के तौर पर अपनी जिम्मेदारी से कहीं बढ़कर काम किया। मैं इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों के लिए खुश हूं।"
खुलासा
रणवीर ने क्यों नहीं लिया था 'धुरंधर' के प्रमोशन में हिस्सा?
वरुण ने यह भी बताया कि रणवीर ने 'धुरंधर' का प्रमोशन क्यों नहीं किया।
इस बारे में बात करते हुए वरुण ने कहा, "रणबीर की 'एनिमल' के रिलीज होने से पहले 'तू झूठी मैं मक्कार' आई थी, जबकि 'धुरंधर' से पहले रणवीर का दौर कुछ खास नहीं रहा था। हम सबने सोच-समझकर यह फैसला लिया। हमने तय किया कि, 'ठीक है, फिल्म और उससे जुड़ी चीजों को ही बात करने देते हैं। एक्टर्स को कुछ बोलने की जरूरत नहीं है।'"