'किंग' की शूटिंग में दीपिका का हौसला बढ़ाते थे रणवीर, कोरियोग्राफर्स बोले- हमने उनका प्यार देखा
क्या है खबर?
फिल्म 'किंग' की केप टाउन में शूटिंग के दौरान एक तस्वीर लीक हुई थी, जिसमें रणवीर सिंह बेटी दुआ को गोद में लिए नजर आए थे। उस समय शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण 'तू मिल जाए' गाने की शूटिंग कर रहे थे। बताया जाता है कि शूटिंग के दौरान दीपिका 5 महीने की गर्भवती थीं। अब कोरियोग्राफर पीयूष भगत और शाजिया समजी ने रणवीर की मौजूदगी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है।
तारीफ
शाजिया ने की रणवीर की तारीफ
शाजिया ने कहा, "रणवीर कुछ दिनों के लिए सेट पर आए थे। वह बहुत प्यारे इंसान हैं। पहले दिन से ही उनका बर्ताव हमारे साथ बहुत अच्छा रहा है। अब हम उनके साथ एक गाने की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन हां, इतने बेहतरीन कलाकारों का एक साथ सेट पर होना बहुत मजेदार था। आप अंदाजा लगा सकते हैं कि हमारे आस-पास कितनी जबरदस्त एनर्जी थी। हमने इस पति-पत्नी की जोड़ी के बीच बहुत प्यार और समर्थन देखा।"
हैसला
रणवीर बढ़ाते थे दीपिका का हौसला
शाजिया ने आगे कहा, "जब भी दीपिका परफॉर्म कर रही होती थीं तो रणवीर उनका हौसला बढ़ा रहे होते थे और उनकी एनर्जी ऐसी है कि सामने वाले में भी जोश भर देती है।"
पीयूष ने कहा, "वह शूटिंग का पूरी तरह से आनंद ले रहे थे। काफी मस्ती-मजाक भी होता था। हम सब रणवीर से कहते थे कि 'एक शॉट आप भी दे दो'। यह बिल्कुल किसी परिवारिक मिलन जैसा था।"
खुलासा
'किंग' के गाने की रिहर्सल के दौरान भी रणवीर रहते थे दीपिका के साथ मौजूद
पीयूष ने आगे कहा, "असल में, जब शाहरुख सर और दीपिका गाने के लिए रिहर्सल कर रहे थे, तब भी रणवीर वहां मौजूद थे। उन्होंने सबके लिए माहौल को मजेदार, खुशनुमा और हल्का-फुल्का बना दिया था।"
एड शीरन, अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची की आवाज के साथ-साथ शाहरुख और दीपिका की शानदार केमिस्ट्री लोगों का दिल जीत रही है।
यह गाना यूट्यूब पर सबसे तेजी से 10 करोड़ बार देखे जाने वाले गानों में से एक बन गया।