Page Loader
बेयर ग्रिल्स के एडवेंचर में रणवीर की एंट्री, नेटफ्लिक्स पर आएगा 'रणवीर वर्सेज वाइल्ड'
रणवीर वर्सेज वाइल्ड (फोटो: नेटफ्लिक्स)

बेयर ग्रिल्स के एडवेंचर में रणवीर की एंट्री, नेटफ्लिक्स पर आएगा 'रणवीर वर्सेज वाइल्ड'

Jun 10, 2022
12:07 pm

क्या है खबर?

बड़े पर्दे के बाद अभिनेता रणवीर सिंह अब OTT की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। रणवीर नेटफ्लिक्स के नए शो में मशहूर एडवेंचरर, लेखक और प्रजेंटर बेयर ग्रिल्स के साथ नजर आएंगे। रणवीर ने इस नए शो का टीजर शेयर किया है जिसमें वह जंगल में पहुंचे हुए हैं। वह बेयर से पूछते हैं, "क्या यहां कोई बाघ है।" रणवीर और बेयर के इस साझा प्रोजेक्ट का नाम 'रणवीर वर्सेज वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' है।

पहली झलक

ट्विटर पर रणवीर ने दिखाई शो दी झलक

गुरुवार को ट्विटर पर शो का टीजर शेयर करते हुए रणवीर ने लिखा था, 'जंगल जंगल पता चला है.... कि चीजें वाइल्ड होने वाली हैं।' तभी से प्रसंशक शो की नई जानकारियों के इंतजार में थे। अब एक नए टीजर के साथ रणवीर ने अपने शो के नाम और रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। रणवीर का एडवेंचर शो 'रणवीर वर्सेज वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' अगले महीने नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगा।

बजट

नेटफ्लिक्स का सबसे बड़ा नॉन फिक्शन शो

पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार रणवीर, बेयर और नेटफ्लिक्स के बीच कुछ समय से बातचीत चल रही थी। अब इस पर बात बन गई है। यह नेटफ्लिक्स का एक बड़े बजट का शो है। खबर है कि शो का कॉन्सेप्ट बेयर ग्रिल्स ने तैयार किया है और इसे अब तक का सबसे बड़ा नॉन फिक्शन शो माना जा रहा है। रणवीर और बेयर की पार्टनरशिप से प्रशंसक काफी रोमांचित हैं। बता दें, यह शो 8 जुलाई को रिलीज होगा।

ट्विटर पोस्ट

रणवीर का 'जंगल में मंगल'

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

बेयर ग्रिल्स डिस्कवरी चैनल के चर्चित शो 'मैन वर्सेज वाइल्ड' को होस्ट करने के लिए मशहूर हैं। इस शो में बेयर जंगल में एडवेंचर करते नजर आते थे। 2019 में शो के एक एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी भी बेयर के साथ नजर आए थे।

हस्तियां

बेयर के साथ नजर आ चुके हैं ये भारतीय दिग्गज

प्रधानमंत्री मोदी के बाद बेयर अपने चर्चित शो में कई भारतीय हस्तियों को लेकर आए। मोदी के बाद तमिल सुपरस्टार रजनीकांत शो में नजर आए थे। 2020 में आए इस एपिसोड की शूटिंग कर्नाटक के बंदीपुर टाइगर रिजर्व में हुई थी। 'खिलाड़ी कुमार' अक्षय शो में नजर आने वाले तीसरे भारतीय बने। अक्टूबर 2021 में अजय देवगन शो के एक एपिसोड में खास मेहमान बने थे। इसके बाद अभिनेता विक्की कौशल भी बेयर के साथ जंगलों में नजर आए।

आगामी फिल्में

इन फिल्मों में काम कर रहे रणवीर

रणवीर सिंह हाल ही में फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' में नजर आए थे। यह फिल्म कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित थी। वहीं, रणवीर की अगली फिल्में भी सुर्खियों में हैं। वह रोहित शेट्टी की फिल्म 'सर्कस' में काम कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ पूजा हेगड़े और जैकलिन फर्नांडिस नजर आएंगी। यह फिल्म दिसंबर में रिलीज होनी है। इसके अलावा वह आलिया भट्ट के साथ 'रॉकी और रानी की प्रेमकहानी' में नजर आएंगे।