असम बाढ़: पीड़ितों के लिए पिछले 7 दिनों से लंगर चला रहे रणदीप हुड्डा, वीडियो वायरल
क्या है खबर?
असम में बाढ़ के तांडव से लाखों लोग बेघर हो चुके हैं और अब तक 82 से ज्यादा जानें जा चुकी हैं। इस मुश्किल वक्त में बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा पीड़ितों की मदद के लिए खुद जमीन पर उतर आए हैं। रणदीप असम के शिवसागर जिले में 'ग्लोबल सिख्स' NGO के साथ मिलकर राहत कार्य चला रहे हैं। पिछले 7 दिन से वो बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन, खाना और जरूरी सामान बांट रहे हैं।
नेक काम
स्टेशन पर बांटा राशन, मांगी सलामती की दुआ
शनिवार को रणदीप हुड्डा ने शिवसागर रेलवे स्टेशन पर ठहरे बाढ़ पीड़ितों को ज़रूरी सामान और राशन बांटा। इसके बाद उन्होंने शिवसागर के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर असम के लोगों की सलामती और स्थिति जल्द सामान्य होने की दुआ मांगी।
लंगर सेवा के दौरान वहां मौजूद मीडिया से बात करते हुए रणदीप बोले, "ये शिवसागर रेलवे स्टेशन है और आसपास के इलाकों से कई बाढ़ प्रभावित परिवार राहत की उम्मीद में यहां आकर ठहरे हुए हैं।"
ट्विटर पोस्ट
सेवा में जुटे रणदीप हुड्डा
#WATCH | Sivasagar, Assam: On flood-affected people, Actor Randeep Hooda says, "This is the Sivasagar railway station, and many affected families have come here from the surrounding areas. So, we make the food and bring it to them, and we have been doing this every day for the… pic.twitter.com/GOQNfzOEvN
— ANI (@ANI) August 1, 2026
मदद
"साथी इंसानों का सहारा बनना ही हमारा सबसे पहला फर्ज"
रणदीप बोले, "हम खुद खाना बनाकर पिछले 7 दिनों से रोजाना इन तक पहुंचा रहे हैं। इंसानियत हर चीज से ऊपर है। मैं सालों से 'ग्लोबल सिख्स' की टीम संग काम कर रहा हूं, ज़मीन पर उनका काम अद्भुत है। मैं सभी से अपील करता हूं कि जहां भी कोई समस्या हो, लोग अपनी क्षमता अनुसार मदद के लिए आगे आएँ। एक इंसान होने के नाते अपने साथी इंसानों की मदद करना हमारा फर्ज है, और इसीलिए हम यहां हैं।"
राहत किट
बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत किट तैयार कर रहे हैं रणदीप
हाल ही में फिल्म 'सावरकर' के निर्देशन के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने वाले रणदीप बोले कि उनकी टीम ने बाढ़ पीड़ितों के लिए बुनियादी सुविधाओं का इंतजाम किया है।
उन्होंने कहा, "टीम ने रिसर्च की है कि लोगों को तुरंत खाना, सोने की जगह, गद्दे और तिरपाल जैसी रोज़मर्रा की चीज़ों की सख्त जरूरत है। हम राहत किट तैयार कर बांट रहे हैं। हम ऐसे लोगों की तलाश में जुटे हैं, जिन तक अब तक मदद नहीं पहुंची है।"
आपदा
असम में बाढ़ से अब तक 82 लोगों की मौत
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में बाढ़ से अब तक 82 लोगों की जान जा चुकी है।
इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उद्योगपति गौतम अडानी का आभार व्यक्त किया है।
अडानी ने राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए 'मुख्यमंत्री राहत कोष' में 11 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। प्रशासन राहत पहुंचाने के प्रयासों में जुटा हुआ है।