रणदीप हुड्डा पिता बनने के बाद काम पर लौटे, इस फिल्म के लिए कसी कमर
क्या है खबर?
रणदीप हुड्डा के लिए 2026 की शुरुआत काफी शानदार साबित हुई है। 10 मार्च को अभिनेता ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया। उनकी पत्नी लिन लैशराम ने बेटी को जन्म दिया है। हालांकि, निजी जिंदगी में एक कदम आगे बढ़ने के अलावा, वह अपने पेशेवर सफर में भी नई दिशा तय कर रहे हैं। पिता बन चुके रणदीप ने अपनी नई फिल्म के लिए खुद को पूरी तरह से तैयार कर लिया है।
फीचर फिल्म
फीचर फिल्म में मुख्य किरदार निभाएंगे रणदीप हुड्डा
मिड-डे के मुताबिक, सूत्र ने जानकारी देते हुए बताया कि रणदीप अपनी अगली परियोजना में जुट चुके हैं। वह निर्देशक अंजित भटनागर की पहली फीचर फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने जा रहे हैं जो भ्रामक विज्ञापनों और उनके दुष्परिणामों पर आधारित होगी। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की व्यापक शूटिंग के लिए हरियाणा के एक गांव की रेकी की गई है, जहां अभिनेता मार्च के आखिर तक पहुंचेंगे। फिलहाल, फिल्म का शीर्षक अभी तय नहीं किया गया है।
भूमिका
हरियाणवी जाट की भूमिका में होंगे अभिनेता
फिल्म निर्माण से जुड़े एक सूत्र ने बताया, ''फिल्म में रणदीप को एक हरियाणवी जाट की भूमिका निभाते हुए देखा जाएगा। उन्होंने जनवरी के अंत में मुंबई में पहला शेड्यूल पूरा कर लिया है और अब अगले चरण की तैयारी में जुटे हैं।'' बताया गया है कि हैदराबाद स्थित एक प्रोडक्शन हाउस इस फिल्म के निर्माण में सहयोग कर रहा है। बता दें, इस अनाम फिल्म के अलावा रणदीप को श्रद्धा कपूर अभिनीत फिल्म 'ईथा' में भी देखा जाएगा।