'रामायण' के जरिए चीन के बाजारों में पैठ जमाएंगे रणबीर कपूर? प्रचार की चल रही तैयारी
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की पौराणिक महाकाव्य फिल्म 'रामायण' पर हर कोई नजरें गड़ाए बैठा है। नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म का पहला भाग दिवाली, 2026 में आएगा। इस बीच, खबर है कि निर्माता इसकी रिलीज से पहले चीन में इसके प्रचार अभियान पर विचार कर रहे हैं। उनका यह कदम 2020 से बॉलीवुड के लिए लगभग बंद पड़े इस बाजार में पैठ जमाने के नए प्रयासों का संकेत देता है।
तैयारी
'रामायण' के लिए चीनी वितरकों से चल रही बातचीत
मिड-डे के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि 'रामायण' निर्माताओं की चीनी प्रदर्शकों और वितरकों के साथ बातचीत चल रही है। रणबीर, यश और साई पल्लवी के नेतृत्व में 4 दिवसीय प्रचार दौरे की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा, "संभावित कार्यक्रम में 24 सितंबर को पिंग्याओ अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में एक प्रेस कार्यक्रम और स्क्रीनिंग शामिल है, जिसके बाद 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले चीन के गोल्डन वीक के दौरान कई शहरों में प्रचार दौरा आयोजित होगा।"
प्रदर्शन
चीन में इन फिल्मों को मिली थी शानदार प्रतिक्रिया
चीन हिंदी फिल्मों की कमाई के लिहाज से एक अच्छा बाजार रहा है, लेकिन पिछले कुछ साल से पड़ोसी देश में कोई भी बॉलीवुड फिल्म बड़े पर्दे पर नहीं आई है। हालांकि, आमिर खान की 'दंगल', 'थ्री इडियट्स', 'थ्री इडियट्स', सलमान खान की 'बजरंगी भाईजान' समेत कुछ फिल्मों ने चीन में जबरदस्त प्रतिक्रिया हासिल की थी। लोगों को उम्मीद है कि 'रामायण' एक बार फिर हिंदी फिल्मों के लिए चीन के बाजारों का दरवाजा खोल सकती है।