'रामायण' के सेट पर जाती थीं राहा, रणबीर बोले- यह पहली फिल्म होगी जिसे वह देखेगी
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' रिलीज के लिए तैयार है। बीबीसी न्यूज इंडिया को दिए इंटरव्यू में रणबीर ने अपनी बेटी राहा कपूर के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि राहा को रामायण में काफी दिलचस्पी है। वह कई बार फिल्म के सेट पर भी जा चुकी हैं। इतना ही नहीं, राहा ने साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ एक एक दृश्य फिल्माया है, जो फिल्म में सीता और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म
'रामायण' पहली ऐसी फिल्म होगी जिसे राहा स्क्रीन पर देखेगी
रणबीर ने कहा, "राहा को खुद 'रामायण' की कहानी में बहुत दिलचस्पी है। मैं और आलिया भट्ट उसे अक्सर कहानियां सुनाते रहते हैं। वह कई बार सेट पर जा चुकी है। उसने साई और लक्ष्मण (रवि दुबे) के साथ एक दृश्य फिल्माया है। इसलिए, वह सच में इस सफर का हिस्सा रही है। मुझे बहुत खुशी है कि यह पहली ऐसी कहानी होगी जिसे वह स्क्रीन पर देखेगी, क्योंकि मैं चाहता हूं कि वह इसे देखे।"
बातचीत
रणबीर ने कही यह बात
रणबीर से जब पूछा गया कि भगवान राम का किरदार निभाने का उन्हें ऑफर तब हुआ था, जब वह पिता बने थे। उन्होंने पूछा कि पिता बनने से इस कहानी को समझने और देखने के उनके नजरिए पर क्या असर पड़ा।
इस पर रणबीर ने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक बेहतर इंसान बनने की मेरी अपनी इच्छा थी; यह मेरी जिंदगी के बिल्कुल सही समय पर हुआ, ठीक उसी वक्त जब मैं पिता बना।"
किरदार
'रामायण' में कौन निभा रहा क्या किरदार?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: भाग 1' में कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। इसमें रणबीर भगवान राम की भूमिका में हैं, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में, रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में और सनी देओल हनुमान के रूप में दिखाई देंगे।
फिल्म में अरुण गोविल राजा दशरथ के रोल में, लारा दत्ता कैकेयी के रूप में, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के रूप में और काजल अग्रवाल मंदोदरी के रूप में नजर आएंगी।