रणबीर कपूर की आंखों में हुआ संक्रमण, क्या 'रामायण' के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम से बनाएंगे दूरी?
क्या है खबर?
रणबीर कपूर अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर खूब चर्चा बटोर रहे हैं। 18 जुलाई को फिल्म का ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित किया जाना है, लेकिन उससे पहले अभिनेता को एक बीमारी हो गई है। बताया जा रहा है कि आयोजन से कुछ ही दिन पहले रणबीर कंजक्टिवाइटिस (आंखों का संक्रमण) का शिकार हो गए हैं। हालांकि, वह इस संक्रमण को अपने वादे के आड़े नहीं आने देंगे और दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
संक्रमण
बेटी राहा को हुआ था सबसे पहले कंजक्टिवाइटिस
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में सूत्र ने बताया कि रणबीर एहतियात के तौर पर काला चश्मा पहनकर कार्यक्रम में आ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले ये संक्रमण अभिनेता की बेटी राहा को हुआ था। कई माता-पिता की तरह जो अपने बच्चों की देखभाल में समय बिताते हैं, कहा जा रहा कि रणबीर को भी राहा से ही कंजक्टिवाइटिस हुआ है।
हालांकि, वह दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले कार्यक्रम 'प्रथम संकल्प' के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रमाणीकरण
'रामायण' के ट्रेलर को CBFC से 'U' सर्टिफिकेट मिला
'रामायण' के 4 मिनट 15 सेकंड लंबे ट्रेलर को सेंसर बोर्ड (CBFC) की तरफ से 'U' प्रमाणपत्र देकर पास किया गया है।
भारत में कार्यक्रम के बाद, निर्माता 23 जुलाई को सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में एक विशेष प्रस्तुति के लिए जाएंगे।
भारतीय समयानुसार ये कार्यक्रम शुक्रवार, 24 जुलाई को सुबह 3:45 बजे से 4:45 बजे के बीच आयोजित होगा। इसमें निर्माता नमित मल्होत्रा, और निर्देशक नितेश तिवारी के साथ रणबीर और यश भी शामिल होंगे।