अमिताभ बच्चन की राह पर रणबीर कपूर, अयोध्या की 'द सरयू' परियोजना में किया बड़ा निवेश
क्या है खबर?
रणबीर कपूर इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: भाग 1' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के किरदार में देखा जाएगा। फिल्म दिवाली, 2026 पर आएगी। इससे पहले उन्होंने श्रीराम की नगरी अयोध्या में बड़ा निवेश किया है। दरअसल, रणबीर ने अभिनंदन लोढ़ा के हाउस (HoABL) की प्रीमियम रियल एस्टेट परियोजना 'द सरयू' में जमीन का एक टुकड़ा खरीदा है। यह जमीन 2,134 वर्ग फुट की बताई जाती है।
साैदा
इतने करोड़ रुपये में किया गया सौदा
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, 2,134 वर्ग फुट वाली इस जमीन का सौदा लगभग 3.31 करोड़ रुपये में हुआ है। रणबीर का यह कदम अयोध्या नगरी में आलीशान ब्रांडेड प्लॉटेड डेवलपमेंट की बढ़ती मांग को दर्शाता है। बता दें, 'द सरयू' में जमीन लेने वाले वह दूसरे बॉलीवुड अभिनेता बन गए हैं। उनसे पहले अमिताभ बच्चन ने इस परियोजना में कुल 3 बार निवेश किया है। पहला निवेश जनवरी, 2024 में, दूसरा मई, 2025 और तीसरा मार्च, 2026 में हुआ था।
परियोजना
75 एकड़ में फैली है HoABL की परियोजना
यह अधिग्रहण 'द सरयू' की HoABL परियोजना का हिस्सा है, जो अयोध्या में बह रही सरयू नदी के किनारे स्थित 75 एकड़ में फैली एक परियोजना है। कंपनी के मुताबिक, इसमें एक क्लब हाउस, 35 से ज्यादा जीवनशैली संबंधी सुविधाएं और 'द लीला' द्वारा संचालित 5 एकड़ का शाकाहारी आलीशान होटल शामिल होगा। काम के मोर्चे पर, रणबीर फिल्म 'रामायण' के अलावा, 'लव एंड वॉर' में व्यस्त चल रहे हैं। इसमें उनके साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी हैं।