'रामायण' में रणबीर कपूर ने खुद किए खतरनाक स्टंट, स्टंट डबल ने किया खुलासा
क्या है खबर?
अभिनेता रणबीर कपूर ने नितेश तिवारी की 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाकर अपने करियर की बड़ी चुनौतियों में से एक को स्वीकार किया है। इस भूमिका के लिए उन्हें भव्य एक्शन दृश्यों और स्टंट की खास तैयारी करनी पड़ी। वैरायटी इंडिया से बातचीत में उनके स्टंट डबल ल्यूक इओआनू ने रणबीर के साथ काम करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने अभिनेता की कार्यशैली और फिल्म की शूटिंग के दौरान सामने आई चुनौतियों के बारे में भी बताया।
उत्सुक
एक्शन करने के लिए रणबीर थे उत्सुक
ल्यूक कहते हैं, "रणबीर ज्यादा से ज्यादा एक्शन खुद करने के लिए बहुत उत्सुक थे और सच कहें तो उन्होंने काफी हद तक एक्शन खुद ही किया। हमारे पास कई तरह के सेटअप थे, जिनमें अलग-अलग स्तर की जटिलताएं थीं; जहां भी यह सुरक्षित और व्यावहारिक था, रणबीर हमेशा खुद हिस्सा लेने के लिए तैयार रहते थे। मैं उनकी शारीरिक क्षमता और काम के प्रति उनके समर्पण से वाकई बहुत प्रभावित हुआ।"
भूमिका
स्टंट डबल ने बताई फिल्म में अपनी भूमिका
ल्यूक आगे कहते हैं, "कुछ स्टंट ऐसे होते हैं, जिनमें तकनीकी जरूरतों या जोखिमों को देखते हुए किसी विशेषज्ञ का आना ज्यादा सही रहता है, खासकर तब जब शूटिंग का शेड्यूल बहुत व्यस्त हो। यहीं पर मेरी भूमिका आती है। शानदार VFX और पूरी स्टंट टीम के साथ मिलकर, हमने जोखिमों को संभालते हुए बेहतरीन एक्शन सीक्वेंस तैयार किए।"
बता दें फिल्म 'रामायण' का 8 दिनों में वैश्विक कुल कलेक्शन 1,033.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
तारीफ
ल्यूक ने की रणबीर की तारीफ
ल्यूक ने कहा, "हमारा मकसद फिल्म 'रामायण' में कभी भी रणबीर से एक्शन का काम छीनना नहीं था। बल्कि, इसका उद्देश्य यह था कि वह जितना संभव हो सके खुद एक्शन करें और बाकी चीजों के लिए पूरी टीम की विशेषज्ञता का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने जितनी मेहनत की है और जिस पेशेवर तरीके से पूरे काम को अंजाम दिया है, उसके लिए वह पूरी तारीफ के हकदार हैं।"
बात
ल्यूक को रणबीर की सबसे अच्छी बात यह लगी
ल्यूक ने आगे कहा, "यह पूरी तरह से मिलकर काम करने वाली प्रक्रिया थी। रणबीर और मैं अक्सर एक्शन के बारे में चर्चा करते थे कि किसी खास सीक्वेंस को सबसे बेहतर तरीके से कैसे किया जाए। उनकी एक बात जो मुझे अच्छी लगी, वह यह थी कि वह कितने विनम्र थे और नई बातें सीखने के लिए कितने तैयार रहते थे। वह सच में परिणाम चाहते थे और वो मेरा अनुभव सुनने के लिए हमेशा तैयार रहते थे।"