'रामायण' के प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते नितेश तिवारी, अब बना रहे ये योजना
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले ही लोगों के बीच खूब चर्चा बटोर रही है। 18 जुलाई को दिल्ली में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान फिल्म का ट्रेलर लॉन्च होगा। फिर अगले सप्ताह सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में ट्रेलर को लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ताजा अपडेट है कि निर्देशक नितेश तिवारी अपने अगले अंतरराष्ट्रीय पड़ाव की योजना बनाना शुरू कर चुके हैं। वह टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की सोच रहे हैं।
योजना
इन तारीखों पर कार्यक्रम आयोजित करने पर चल रहा विचार
मिड-डे के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया कि निर्माताओं ने TIFF 2026 में एक विशेष पूर्वावलोकन और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के बारे में बातचीत शुरू कर दी है। कार्यक्रम के लिए 10 से 11 सितंबर की तारीखों पर विचार चल रहा है।
हालांकि, TIFF के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल फिल्म प्रीमियर के विपरीत, फिल्म की कुछ झलकियां ही दिखाई जाएंगी।
इसके जरिए निर्माता समारोह में मौजूद अंतरराष्ट्रीय मीडिया, खरीदारों और प्रदर्शकों की उपस्थिति का फायदा उठाना चाहते हैं।
वैश्विक आयोजन
शुरुआती चरण में है निर्माताओं की बातचीत
सूत्र ने आगे कहा, "हमारा मकसद 'रामायण' को एक वैश्विक आयोजन बनाना है। टोरंटो से अंतरराष्ट्रीय मीडिया, वितरकों और व्यापक फिल्म जगत तक पहुंच मिलेगी। बातचीत शुरुआती दौर में है; बहुत कुछ कार्यक्रम और व्यवस्थाओं पर निर्भर करेगा।"
बता दें, TIFF 2026 का अयोजन 10 से 20 सितंबर के बीच होगा।
फिल्म की बात करें, तो रणबीर अभिनीत 'रामायण' में साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे जैसे कलाकार शामिल हैं।
ये दिवाली, 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।