'रामायण' बदलेगी भारतीय सिनेमा का इतिहास, स्क्रीन-X पर रिलीज होकर बनाएगी रिकॉर्ड
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' अपनी रिलीज के साथ इतिहास रचने के लिए तैयार है। यह भारतीय सिनेमा की पहली ऐसी फिल्म बनने जा रही है, जिसे स्क्रीन-X और 4DX फॉर्मेट के साथ विश्व स्तर पर रिलीज किया जाएगा। प्राइम फोकस स्टूडियोज ने बताया कि CJ 4डीप्लेक्स के साथ हुए समझौते के तहत, 'रामायण' को दुनियाभर में करीब 1,300 स्क्रीन-X और 4DX सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा। फिल्म में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी मुख्य किरदारों में शामिल हैं।
परिचय
जानिए क्या है स्क्रीन-X और 4DX फॉर्मेट
स्क्रीन-X एक प्रीमियम सिनेमा फॉर्मेट है, जिसके तहत सिनेमाघर की मुख्य (सामने वाली) दीवार के साथ-साथ बाईं और दाईं दीवारों को भी स्क्रीन की तरह इस्तेमाल किया जाता है। इससे दर्शकों को 270-डिग्री का एक बड़ा व्यू मिलता है।
वहीं, 4DX एक ऐसी तकनीक है जो फिल्म के दृश्यों के हिसाब से सिनेमाघरों की सीटें हिलाती-डुलाती है।
यह फॉर्मेट फिल्म के माहौल का एहसास कराने के लिए कंपन, गति, हवा, पानी और बिजली की गड़गड़ाहट जैसे इफेक्ट पैदा करता है।
फिल्म
दिवाली, 2026 पर सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
स्क्रीन-X और 4DX के साथ समझौते के बाद, 'रामायण' का पहला भाग दिवाली, 2026 पर रिलीज होने जा रहा है। दूसरा भाग दिवाली, 2027 में आएगा।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा प्राइम फोकस स्टूडियोज के बैनर तले, DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से किया गया है।
श्रीधर राघवन ने पटकथा लिखी है, जबकि हंस जिमर और एआर रहमान ने संगीत दिया है।
फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे और अरुण गोविल समेत कई कलाकार मौजूद हैं।