'रामायण' के VFX पर सवाल उठाने वालों से सुहेल की अपील, बोले- कलाकारों ने सालों तक...
क्या है खबर?
अभिनेता यश ने कुछ समय पहले दर्शकों से अपील की थी कि वे 'रामायण' के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) में कमियां निकालने के बजाय फिल्म को खुले मन से देखें। अब फिल्म में सुग्रीव का किरदार निभा रहे अभिनेता सुहेल नय्यर ने भी दर्शकों से इसका समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने फिल्म को बनाने में लगी सालों की मेहनत का जिक्र करते हुए दर्शकों से इसे समझने की गुजारिश की।
फिल्म
भारतीय युवा कर रहे 'रामायण' के VFX पर काम
सुहेल ने कहा, "भारतीय युवा इस फिल्म के VFX पर काम कर रहे हैं। उनकी उम्र लगभग 19-25 साल के बीच है और वे बहुत कड़ी मेहनत करते हैं। यह तो बस टीम का एक हिस्सा है। अगर भारतीय क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप फाइनल में खेल रही हो, तो आप उन पर दबाव नहीं डालते। आप उन्हें अपना आशीर्वाद देते हैं और कहते हैं, 'आप जीतें, हम आपके साथ हैं।' आप उन पर दबाव नहीं डालते। ऐसा करना गलत है।"
बातचीत
सुहेल ने 'रामायण' के सेट के माहौल के बारे में की बात
सुहेल ने आगे कहा, "इस प्रोजेक्ट पर काम करने वाले लोगों की नीयत बहुत साफ है और मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मैं भी इसका हिस्सा हूं। मैंने देखा है कि ये लोग किस तरह से पेश आते हैं और लिखी गई पटकथा के प्रति इनका रवैया कैसा है। सेट का माहौल, लोगों का एक-दूसरे से सम्मान, इन सब बातों को देखकर मुझे बहुत गर्व महसूस होता है कि मैं इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हूं।"
जानकारी
कब रिलीज होगी 'रामायण'
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित फिल्म 'रामायण' 2 भाग में आने वाली है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में और यश रावण के रूप में नजर आएंगे। इसका पहला भाग 5 नवंबर को रिलीज होने वाला है।